अखिलेश यादव के 'पीडीए' रथ यात्रा पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद बोले-'सत्ता परिवर्तन की बयार बह रही'
अयोध्या, 25 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से अखिलेश यादव के रथ यात्रा शुरू करने को लेकर कहा कि कोई भी राजनीतिक गढ़ हमेशा के लिए किसी का नहीं होता और अखिलेश यादव के नेतृत्व में निकाली जा रही 'पीडीए' रथ यात्रा जनता के समर्थन का संदेश देती है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा, "गढ़ किसी का नहीं होता, यह जनता की कृपा होती है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में गुरुवार को समाजवादी पार्टी की रायबरेली में रथ यात्रा की गई। जिस तरह से जनसैलाब उमड़ा, लोग आश्चर्य चकित रह गए। भाजपा के लोगों के इरादे पस्त हो गए। जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि सत्ता परिवर्तन की बयार बह चुकी है। 'विकास रथ' इतना तेज चलेगा कि आने वाले दिनों में आंधी में तब्दील हो जाएगा और भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में चार्जशीट दाखिल किए जाने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "हम लोगों की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि बड़ी मछली को बचाने का काम किया गया है। मुख्य आरोपियों का चार्जशीट में नाम नहीं है। उन लोगों को सरकार बचा रही है। सरकार भले ही बचा ले लेकिन प्रभु श्री राम के मंदिर की 'डकैती' है और ये लोग बच नहीं पाएंगे।"
भाजपा के आरोप पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "भाजपा के लोगों की ओर से चाहे जो बोला जाए, अब उनकी बोली को सुनने को जनता तैयार नहीं है। अब जनता की ही बोली चलेगी।"
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त को 48 घंटे में इस्तीफा देने के अल्टीमेटम पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "इस देश के छात्रों का जंतर-मंतर पर जो प्रदर्शन हुआ था, उसमें समाजवादी पार्टी का भरपूर समर्थन था। यहां तक कि अखिलेश यादव को हिरासत में भी लिया गया था। हालांकि एक घंटे के अंदर-अंदर इतनी भीड़ हो गई कि सरकार को मजबूर होकर उनको रिहा करना पड़ा। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने सदन में मजबूती से इसको लेकर सवाल किया था। गृह मंत्री अमित शाह सदन में नहीं आए और कोई जवाब नहीं दे पाए।"
'पीडीए' को लेकर चंद्रशेखर के बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "चंद्रशेखर और मायावती किसके द्वारा गाइडेड हैं, इसको बताने की जरूरत नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 1:34 PM IST












