सौतेले पिता ने 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया, गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रोही आरआर कॉलोनी निवासी सुरेंद्र पुत्र गौरी प्रसाद ने 21 अप्रैल को थाना जेवर में एक प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसकी पुत्री अंजली (उम्र करीब 14 वर्ष) 20 अप्रैल को दूध लेने के लिए दुकान पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।
इस सूचना के आधार पर थाना जेवर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा की गई गहन विवेचना में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि मृतका अंजली का अपने सौतेले पिता सुरेंद्र के साथ अक्सर विवाद होता रहता था।
इसी विवाद के चलते सुरेंद्र ने 20 अप्रैल को अंजली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने घबराकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और कानीगढ़ी व जेवर खादर के बीच यमुना पुस्ता रोड स्थित शीशम की झाड़ियों में शव को छिपा दिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि उस पर किसी को शक न हो। थाना जेवर पुलिस ने 28 अप्रैल को आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान से अंजली का शव बरामद कर लिया।
इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले दर्ज गुमशुदगी की धारा को परिवर्तित करते हुए अब भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 4:41 PM IST












