एमसीडी चुनाव नगर निगम उप-महापौर पद पर मोनिका पंत ने दर्ज की जीत
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उप-महापौर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार मोनिका पंत ने जीत हासिल की है। इससे पहले, मेयर पद पर प्रवेश वाही ने जीत दर्ज की थी।
मोनिका पंत पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार वार्ड से भाजपा पार्षद हैं और वह पेशे से डॉक्टर हैं।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए बुधवार को मतदान हुआ। इस बार आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया, जिसके बाद मुकाबला सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच था। मेयर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रवेश वाही को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने हाजी जरीफ को मैदान में उतारा।
वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा की ओर से मोनिका पंत चुनाव लड़ रही थीं। कांग्रेस ने इस पद के लिए राजेश कुमार गुप्ता को उम्मीदवार बनाया था।
59 साल के प्रवेश वाही ने 2022 के नगर निगम चुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। वे वर्तमान में एमसीडी में सदन के नेता हैं। दिल्ली आम आदमी पार्टी के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने इस सप्ताह की शुरुआत में घोषणा की थी कि पार्टी महापौर चुनाव नहीं लड़ेगी।
दिल्ली मेयर चुनाव में कुल 165 वोट डाले गए, जिनमें से भाजपा को 156 वोट मिले, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार को 9 वोट मिले। चुनाव में भाजपा के पास पर्याप्त बहुमत होने और आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव न लड़ने के कारण प्रवेश वाही बिना किसी चुनौती के दिल्ली के नए मेयर बन गए।
प्रवेश वाही रोहिणी ईस्ट वार्ड से तीन बार के पार्षद हैं। भाजपा ने 23 अप्रैल को नामांकन के अंतिम दिन उन्हें महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया था। साथ ही मोनिका पंत को उप-महापौर और अन्य पदों के लिए भी उम्मीदवार बनाया गया था। प्रवेश वाही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पृष्ठभूमि से जुड़े हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 5:35 PM IST












