शादी से इनकार पर सिरफिरे रिश्तेदार ने युवती पर फेंका तेजाब, मां पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

लखनऊ, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित उदयगंज में रविवार तड़के शादी से इनकार करने पर एक युवक ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपने रिश्तेदार के घर में घुसकर उसकी 18 वर्षीय बेटी के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। बेटी की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी उसने तेजाब से हमला किया और विरोध करने पर युवती की मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में युवती समेत परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह 3:30 से 4 बजे के बीच की है। आरोपी की पहचान तौसीफ उर्फ मुन्ना (25) के रूप में हुई है। वह पीड़ित परिवार का रिश्तेदार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवती से शादी करने की जिद कर रहा था। युवती और उसके परिवार के विरोध के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी तड़के घर में दाखिल हुआ और युवती पर तेजाब फेंक दिया। उसकी चीख सुनकर परिवार के सदस्य बचाने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान युवती की मां पर चाकू से कई वार किए गए। हमले में मां और बेटी समेत परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी को भी चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। आरोपी को भी पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी ने युवती पर तेजाब फेंकने के साथ ही परिवार के सदस्यों पर चाकू से हमला किया। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मामले में हुसैनगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0192/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
