झामुमो प्रवक्ता ने कहा, शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना झारखंड के लिए गर्व का विषय

झामुमो प्रवक्ता ने कहा, शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना झारखंड के लिए गर्व का विषय
झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिए जाने पर पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। नेताओं ने इस सम्मान का स्वागत करते हुए इसे शिबू सोरेन के लंबे संघर्ष और योगदान का सम्मान बताया। साथ ही, उन्हें भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई।

रांची, 23 जून (आईएएनएस)। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिए जाने पर पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। नेताओं ने इस सम्मान का स्वागत करते हुए इसे शिबू सोरेन के लंबे संघर्ष और योगदान का सम्मान बताया। साथ ही, उन्हें भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडे ने पद्म भूषण सम्मान पर खुशी जताते हुए आईएएनएस से कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन वास्तव में भारत रत्न के हकदार थे लेकिन केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे इस सम्मान का भी स्वागत किया जाना चाहिए।

झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं बल्कि अपने आपमें एक संस्था और एक विचार हैं। उनका जीवन, संघर्ष और दर्शन आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने केंद्र से मांग की कि शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष और उनके योगदान को देश के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा ले सके।

वहीं, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भी शिबू सोरेन को मिले इस सम्मान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह क्षण केवल सोरेन परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। शिबू सोरेन इस सम्मान के पूरी तरह हकदार थे क्योंकि उन्होंने जंगल, जमीन और आदिवासी समाज की आवाज को गांवों से निकालकर विधानसभा और संसद तक पहुंचाने का ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना स्वाभाविक है लेकिन यदि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाता तो यह झारखंड के लिए और भी अधिक गौरव की बात होती।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में दिशाेम गुरू शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान प्रदान करेंगी। उनकी पत्नी रूपी सोरेन यह सम्मान ग्रहण करेंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Jun 2026 2:41 PM IST

Tags

Next Story