शिल्पा शेट्टी को आई 90 के दशक की याद, 'बाजीगर' के खौफनाक सीन पर खुद लिए मजे
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। सोशल मीडिया के दौर में कुछ भी ट्रेंड करने लगता है। कभी कोई पुरानी फिल्मों के संवाद लोगों की जुबान पर चढ़ जाते हैं, तो कभी किसी का लिखा हुआ कोट ट्रेंड करने लगता है। इन दिनों एक नया ट्रेंड लोगों का ध्यान खींच रहा है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर '90 के दशक में आप कैसी थीं?' काफी पॉपुलर हो रहा है। यह भारत समेत कई देशों में वायरल हो रहा है और हर कोई इस ट्रेंड को फॉलो कर रहा है। लोग अपने पुराने फोटो या क्लिप शेयर करके 90 के दशक की यादें ताजा कर रहे हैं। इसी ट्रेंड में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी शामिल हो गईं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार रील शेयर की। इस वीडियो में 90 के दशक की कई बॉलीवुड फिल्मों के क्लिप दिखाए गए हैं। इनमें 'बाजीगर', 'पृथ्वी' और 'इंसाफ' जैसी फिल्मों के सीन शामिल हैं। सबसे खास क्लिप फिल्म 'बाजीगर' की है। रील में फिल्म का वो सीन लिया गया है, जिसमें शाहरुख खान शिल्पा के किरदार को छत से नीचे फेंक देता है।
यह सीन लोगों को आज भी याद है और सोशल मीडिया पर इसके कई मीम्स बनते रहते हैं। शिल्पा ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "आपको इसकी उम्मीद नहीं थी और न ही दोबारा होगी। 90 के दशक की यादें, नॉस्टेल्जिया, कुछ अलग ही होती हैं।"
90 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों का अपना अलग जादू था। उस समय की कहानियां, गाने और डायलॉग आज भी दिल को छू लेते हैं। शिल्पा शेट्टी 90 के दशक में ही फिल्मों में आईं थीं। 'बाजीगर' उनके करियर की शुरुआती बड़ी फिल्म थी। उस दौर में वे अपनी खूबसूरती और डांस से सबको प्रभावित करती थीं। आज भी वे फिटनेस और एक्टिंग दोनों में सक्रिय हैं। इस रील के जरिए उन्होंने यादों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया है।
फिल्म 'बाजीगर' में शाहरुख खान को उनके करियर की शुरुआत में ही एक नेगेटिव मुख्य भूमिका में लिया गया था। यह अब्बास-मस्तान द्वारा निर्देशित एक ब्लॉकबस्टर हिंदी थ्रिलर फिल्म थी, जिसने शाहरुख खान को बॉलीवुड में एक प्रमुख स्टार के रूप में स्थापित किया था। यह फिल्म प्रतिशोध की कहानी थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 6:38 PM IST












