राष्ट्रीय: सांसद श्रीकांत शिंदे ने कांगो में पाक का आतंकी चेहरा उजागर किया

किंशासा, 28 मई (आईएएनएस)। शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कांगो में एक भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की कड़ी निंदा की।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने कहा, “भारत जहां प्रौद्योगिकी और व्यापार के रास्ते बनाता है, वहीं पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है।”
डॉ. शिंदे ने चेतावनी दी कि आतंकवाद के हर कृत्य का भारत करारा जवाब देगा।
डॉ. शिंदे ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में उच्च स्तरीय बैठकों में हिस्सा लिया, जिसमें कांगो के उप प्रधानमंत्री जीन-पियरे बेम्बा, विदेश मंत्री थेरेस काइकवाम्बा, नेशनल असेंबली के स्पीकर विटल कामेरहे और सीनेट अध्यक्ष जीन-मिशेल लुकोंडे शामिल थे।
इन बैठकों में कांगो के नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग बढ़ाने का वादा किया।
विदेश मंत्री ने सीमा पार आतंकवाद पर खुफिया जानकारी साझा करने के लिए भारत का आभार जताया और वैश्विक मंचों पर भारत का समर्थन करने का वचन दिया। स्पीकर कामेरहे ने भारतीयों के साथ एकजुटता जताई, जबकि सीनेट अध्यक्ष ने शांति और आतंकवाद विरोधी लड़ाई को वैश्विक प्राथमिकता बताया।
डॉ. शिंदे ने कांगो के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और भारत की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दोहराया। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को भारत के मजबूत संकल्प का प्रतीक बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने कांगो में भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात की और भारत-कांगो संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।
डॉ. शिंदे ने कांगो में मीडिया से बातचीत में भारत की त्वरित प्रतिक्रिया और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत रुख की जानकारी दी।
उन्होंने वैश्विक आतंकवाद को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। डॉ. शिंदे की अगुवाई में भारत ने स्पष्ट संदेश दिया कि वह आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में पीछे नहीं हटेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 May 2025 5:54 PM IST