जम्मू-कश्मीर: भारतीय युवा कांग्रेस का उधमपुर में हंगामा, बीजेपी विधायक पठानिया के विवादित बयान के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंका

भारतीय युवा कांग्रेस का उधमपुर में हंगामा, बीजेपी विधायक पठानिया के विवादित बयान के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंका
  • बीजेपी विधायक पठानिया के विवादित बयान के खिलाफ प्रदर्शन
  • भारतीय युवा कांग्रेस ने पुतला फूंका
  • भारतीय युवा कांग्रेस का उधमपुर में हंगामा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को उधमपुर से बीजेपी विधायक आर.एस. पठानिया और अन्य बीजेपी नेताओं द्वारा भारतीय सेना के खिलाफ दिए गए विवादित बयानों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पठानिया का पुतला फूंका और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने रायसीना रोड पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक दिया।

'बीजेपी विधायक का बयान सेना का अपमान'

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, "बीजेपी विधायक रणबीर पठानिया का बयान भारतीय सेना का सीधा अपमान है। पहले विजय शाह, फिर जगदीश देवड़ा और अब पठानिया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं?" उन्होंने बीजेपी नेताओं पर सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

युवा कांग्रेस का एक्स पोस्ट: 'देशद्रोही BJP शर्म करो'

इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "देशद्रोही BJP विधायक RS पठानिया शर्म करो! दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस ने उधमपुर से बीजेपी विधायक द्वारा भारतीय वायुसेना को 'नालायक' कहे जाने के शर्मनाक बयान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। IYC हर उस आवाज के खिलाफ खड़ा है जो हमारे जवानों के सम्मान को ठेस पहुंचाए।"

'सेना का अपमान BJP का नया फैशन'

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा, "सेना के खिलाफ अपशब्द बोलना बीजेपी नेताओं का नया फैशन बन गया है। ये नेता देश के असली गद्दार हैं। ऐसे लोगों को तुरंत बर्खास्त कर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करना चाहिए।" उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी नेताओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस प्रदर्शन जारी रखेगी।

'पठानिया समेत बीजेपी नेताओं पर कार्रवाई हो'

लाकड़ा ने कहा, "विजय शाह, जगदीश देवड़ा और अब पठानिया ने सेना और हमारे वीर जवानों का अपमान किया है। यह देश के जांबाज सैनिकों के खिलाफ सीधा हमला है। बीजेपी नेताओं पर तुरंत कार्रवाई हो, वरना युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेगी।"

पुतले को फांसी देकर किया दहन

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी विधायक पठानिया के पुतले को फांसी दी और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। कार्यकर्ता युवा कांग्रेस कार्यालय से रायसीना रोड की ओर बढ़ रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया।

Created On :   30 May 2025 11:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story