संकट के समय एकजुट रहना जरूरी सोनू सूद
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता सोनू सूद शनिवार को एसबीपी3 बॉक्सिंग चैंपियनशिप को प्रमोट करने पहुंचे। उन्होंने इस इवेंट की तारीफ करते हुए कहा कि महिला बॉक्सर्स को इसमें शामिल होते देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। सोनू सूद ने इवेंट में मौजूद जुनून की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने देश-दुनिया में चल रहे संकट पर भी बात की।
सोनू सूद ने पूरे कार्यक्रम में फिटनेस, खेल और राष्ट्रहित की भावना पर जोर दिया। उनका कहना था कि खेल न सिर्फ शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि देश को एकजुट रखने में भी मदद करते हैं।
अभिनेता ने कहा, “यह देखकर अच्छा लग रहा है कि महिला बॉक्सर भी इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं। बॉक्सिंग की बात करें तो आमतौर पर सिर्फ पुरुष बॉक्सर्स की चर्चा होती है, लेकिन यहां महिला एथलीट्स भी अपनी क्षमता दिखा रही हैं। यह वाकई सराहनीय है।”
सोनू सूद ने मैच के बारे में बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यह मैच शानदार था। बॉक्सर्स में जो जुनून था, वह दर्शकों में भी दिख रहा था। फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ऐसे और इवेंट्स आयोजित होने चाहिए।”
इवेंट के दौरान सोनू सूद से देश में चल रही पेट्रोल-डीजल संकट और संभावित लॉकडाउन जैसी स्थिति पर भी सवाल पूछा गया। हाल ही में प्रधानमंत्री ने इस बारे में चेतावनी दी थी। इस पर सोनू सूद ने कहा, “ऐसे किसी भी संकट का सामना करने के लिए हमें एकजुट होना चाहिए। जब भी देश पर कोई मुश्किल आई है, हम सबने मिलकर उसे पार किया है। इस बार भी मिलकर इस तकलीफ से बाहर निकलेंगे। हम पूरी तरह तैयार हैं।”
सोनू सूद ने यह भी बताया कि वे बॉक्सिंग पर आधारित एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म करना चाहते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हंड्रेड परसेंट कर रहे हैं यार। आखिरकार मैंने यह बॉडी बनाई ही तो इसी के लिए है।” उन्होंने कहा कि वे फिटनेस और बॉक्सिंग को लेकर काफी गंभीर हैं और भविष्य में ऐसी फिल्म बनाना उनकी इच्छा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:13 PM IST












