सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, नीमकाथाना में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी ले उड़े चोर

सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, नीमकाथाना में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी ले उड़े चोर
राजस्थान के नीमकाथाना शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित वार्ड नंबर 33 की है, जहां निवासी सुभाष चंद्र अग्रवाल के घर में चोरी हुई।

नीमकाथाना, 19 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान के नीमकाथाना शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित वार्ड नंबर 33 की है, जहां निवासी सुभाष चंद्र अग्रवाल के घर में चोरी हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष चंद्र अग्रवाल की पत्नी की तबीयत काफी खराब थी। 11 मार्च को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नीमकाथाना के जिला अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया था। इसके बाद सुभाष अग्रवाल अपनी पत्नी के इलाज के लिए जयपुर चले गए और घर बंद पड़ा रहा। जब उनकी पत्नी की हालत में सुधार हुआ तो वे वापस अपने घर लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पता चला कि चोर घर की अलमारी में रखे कीमती सामान को चुरा ले गए हैं। चोरी हुए सामान में सोने और चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनमें चांदी की बेस, चेन, अंगूठी, पायजेब और चांदी के सिक्के शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा चोर करीब एक लाख रुपए की नकदी भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 7:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story