'स्टार वही जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं' राष्ट्रपति ने कलाकारों से हानिकारक पदार्थों का प्रचार न करने की अपील की
एकता नगर, 22 सितंबर (आईएएनएस)। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फिल्मी कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का समर्थन न करने की अपील की है। राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार को गुजरात के केवडिया में 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में फिल्मी कलाकारों को सम्मानित कर रही थीं।
इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि जो फिल्म कलाकार बहुत लोकप्रिय होते हैं, उनमें देशवासियों विशेषकर युवाओं को प्रभावित करने की असीम क्षमता होती है...जो सफल फिल्म कलाकार अनुशासित जीवन शैली के फायदे के बारे में बताते हैं तो युवा और बच्चे उनका अनुकरण करते हैं। मैं यह अनुरोध करना चाहूंगी कि लोकप्रिय कलाकार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का समर्थन करें। स्टार वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अभिनेत्री यामी गौतम को 'आर्टिकल 370' और अभिनेता कार्तिक आर्यन को फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड रिसीव करने के लिए अभिनेता कार्तिक आर्यन अपने माता-पिता के साथ पहुंचे थे। वहीं, अभिनेत्री यामी गौतम अपने पति आदित्य धर के साथ पहुंचीं।
हिंदी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। फिल्म के प्रोड्यूसर आदित्य धर ने अवॉर्ड प्राप्त किया। हिंदी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए रणदीप हुड्डा को बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार मिला।
तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट का पुरस्कार मिला। फिल्म के निर्देशक नाग अश्विन हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कारों की बात करें तो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आनंद एल राय को 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एकता का प्रतीक' के लिए 'बेस्ट डायरेक्शन (नॉन-फीचर)' का नेशनल अवॉर्ड दिया। तेलुगु फिल्म ‘कमेटी कुर्रोलु’ को बेस्ट तेलुगु फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।
ममूटी को मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। उन्होंने यह अवॉर्ड कार्तिक आर्यन के साथ शेयर किया। हिंदी फिल्म ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार मिला। वहीं, दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड प्रदान किया गया।
हिंदी फिल्म ‘मैदान’ के गाने ‘जाने दो’ के लिए मनोज मुंतशिर को बेस्ट लिरिक्सिस्ट का पुरस्कार मिला। हिंदी फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ के लिए विजय गांगुली को बेस्ट कोरियोग्राफी का पुरस्कार मिला। गाने में तमन्ना भाटिया नजर आई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Sept 2026 9:30 PM IST












