स्टिंग ऑपरेशन वीडियो को लेकर सिद्धारमैया ने अदालत का रुख किया

स्टिंग ऑपरेशन वीडियो को लेकर सिद्धारमैया ने अदालत का रुख किया
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक स्टिंग ऑपरेशन वीडियो से अपना नाम जोड़े जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनकी छवि और चरित्र को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। सिद्धारमैया ने इस वीडियो के प्रकाशन और प्रसारण पर रोक लगाने की मांग करते हुए बेंगलुरु की सिविल एंड सेशंस कोर्ट में आवेदन दायर किया है।

बेंगलुरु, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक स्टिंग ऑपरेशन वीडियो से अपना नाम जोड़े जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनकी छवि और चरित्र को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। सिद्धारमैया ने इस वीडियो के प्रकाशन और प्रसारण पर रोक लगाने की मांग करते हुए बेंगलुरु की सिविल एंड सेशंस कोर्ट में आवेदन दायर किया है।

सिद्धारमैया ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हो रहे स्टिंग ऑपरेशन वीडियो के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे बदनाम करने का सुनियोजित प्रयास बताते हुए कहा कि इस वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है, लेकिन कुछ लोग इसके जरिए उनके खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रहे हैं।

सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि जिस स्टिंग ऑपरेशन वीडियो में कहीं भी उनका नाम लिया गया है, उसे किसी भी समाचार पत्र, टेलीविजन चैनल या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित अथवा प्रसारित नहीं किया जाए।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपने निर्दोष होने का पूरा विश्वास है। साथ ही, उन्हें भरोसा है कि राज्य की जनता उनके पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन से परिचित है और उनकी छवि को समझती है। सिद्धारमैया ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में झूठ को सच के रूप में पेश करना आसान हो गया है। ऐसे में उन्होंने किसी डर के कारण नहीं, बल्कि एहतियाती कदम के तौर पर अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उन्हें विश्वास है कि अंततः सच्चाई की जीत होगी।

सिद्धारमैया ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन करते हुए कहा कि अपने पूरे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी भी मीडिया की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में बाधा डालने का प्रयास नहीं किया। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थान इस स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिसके कारण उन्हें वीडियो के प्रकाशन और प्रसारण पर रोक लगाने के लिए अदालत से गुहार लगानी पड़ी है। उन्होंने इस स्थिति पर दुख भी जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने इस स्टिंग ऑपरेशन वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए शहर के पुलिस आयुक्त के पास पहले ही शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जांच से सच्चाई सामने आएगी। सिद्धारमैया ने मीडिया संस्थानों के साथ आम लोगों से भी अपील की कि जांच पूरी होने तक ऐसी खबरों को अनावश्यक रूप से प्रसारित करने से बचें और सच्चाई का साथ दें। उन्होंने दोहराया कि वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है और उनके खिलाफ कथित दुष्प्रचार राजनीतिक मंशा से किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Oct 2026 8:55 PM IST

Tags

Next Story