मध्य पूर्व तनाव कम होने के संकेतों के बीच शेयर बाजार में लौटी हरियाली, सेंसेक्स-निफ्टी में 2 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल
मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इस बयान के बाद कि अमेरिका-ईरान युद्ध दो या तीन सप्ताह में समाप्त हो सकता है, भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ हरे निशान में खुला। ट्रंप के इस बयान के चलते जोखिम भावना में सुधार होने से निफ्टी50 और सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1814.88 अंक या 2.52 प्रतिशत बढ़कर 73,762.43 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 567 अंक या 2.5 प्रतिशत उछलकर 22,899 पर खुलने में सफल रहा।
खबर लिखे जाने तक (सुबह 9:30 बजे) सेंसेक्स 2.73 प्रतिशत यानी 1964.41 अंकों की बढ़त के साथ 73,911.96 पर ट्रेड कर रहा था, तो वहीं निफ्टी50 2.67 प्रतिशत या 596.40 अंक बढ़कर 22,927.80 पर कारोबार कर रहा था।
इस दौरान निफ्टी के सभी इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 3.30 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 3.61 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।
वहीं सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी मीडिया में 3.66 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो और निफ्टी पीएसयू बैंक में 3.33-3.33 प्रतिशत, निफ्टी मेटल में 3.24 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जो कि सबसे ज्यादा बढ़त वाले सेक्टोरल इंडेक्स रहे। इसके बाद निफ्टी आईटी में 2.89 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा में 2.06 प्रतिशत, निफ्टी निजी बैंक में 2.58 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 2.56 प्रतिशत तो वहीं निफ्टी एफएमसीजी में 1.80 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी50 के सभी शेयर हरे निशान में ट्रेड करते नजर आए, जिसमें ट्रेंट, बीईएल, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, अदाणी इंटरप्राइजेज के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली और ये टॉप गेनर्स में शामिल रहे। जबकि एचडीएफसी, कोल इंडिया, नेस्ले इंडिया, अपोलो हॉस्पिटल और पावर ग्रिड सबसे कम बढ़त वाले शेयर रहे।
गौरतलब है कि भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के कारण मार्च के दौरान प्रमुख सूचकांकों में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी।
विश्लेषकों के अनुसार, मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं और उच्च अस्थिरता को देखते हुए निवेशकों को सतर्क और चुनिंदा दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
एक विश्लेषक ने कहा, "बाजार में गिरावट के दौरान मौलिक रूप से मजबूत शेयरों को पोर्टफोलियो में शामिल करना समझदारी भरा कदम हो सकता है।"
उन्होंने आगे कहा कि सही मायने में नई लॉन्ग पोजीशन तभी शुरू की जानी चाहिए जब निफ्टी निर्णायक रूप से 24,000 के स्तर को तोड़कर ऊपर उठ जाए और उसे बनाए रखे, जो बेहतर भावना और अधिक टिकाऊ तेजी के रुझान का संकेत देगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 9:52 AM IST












