सुकमा में बड़ी कार्रवाई 21 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
कोंटा, 28 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला में थाना कोंटा पुलिस ने अवैध गांजा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 21 किलो गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त कर लिया है। पुलिस ने यह जानकारी शनिवार को दी।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला में पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक किरण चव्हान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, अभिषेक वर्मा तथा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, वहीं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में धरपकड़ तेज कर दी गई है।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना कोंटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के कालीमेला क्षेत्र से एक व्यक्ति सफेद स्कूटी में अवैध गांजा लेकर कोंटा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एसडीओपी के नेतृत्व में टीम ने नेशनल हाईवे-30 सहित विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
इस दौरान कोंटा से मोटू (ओडिशा) मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की नाकेबंदी देखकर अपनी होंडा एक्टिवा स्कूटी को तेजी से मोड़कर वापस भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम के. शिवा रेड्डी (22 वर्ष) निवासी हयातनगर, हैदराबाद, जिला रंगारेड्डी (तेलंगाना) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो बैगों से कुल 10 पैकेट अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 21.630 किलोग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अंतरराज्यीय बाजार में कीमत लगभग 10,81,500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी, जिसकी कीमत लगभग 25,000 रुपए है, जब्त कर लिया है। कोंटा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:00 PM IST












