स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले की सुरक्षा चाक-चौबंद, हर चुनौती से निपटने के लिए पुलिस तैयार
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के लाल किले में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। लाल किले और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। डीसीपी नॉर्थ राजा बाठियां ने बताया कि सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है।
डीसीपी राजा बाठियां ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया गया। इस दौरान 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को वास्तविक परिस्थितियों की तरह परखा गया। रिहर्सल के दौरान संभावित परेशानियों और चुनौतियों की पहचान की गई और उनके मुताबिक रिस्पॉन्स प्लान भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आज यानी स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले भी पूरे जिले में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत एंटी-टेरर चेकिंग को और तेज किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें जिला पुलिस के साथ सिक्योरिटी, ट्रैफिक पुलिस, स्पेशल ब्रांच, स्पेशल सेल, पैरामिलिट्री फोर्स, एनएसजी और केंद्र सरकार से जुड़ी अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी शामिल होंगे। अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियां संभालेंगी और पूरे इलाके पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
लाल किले के आसपास ही नहीं, बल्कि यमुना खादर क्षेत्र में भी सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी ने बताया कि इस इलाके में माउंटेड पुलिस के जरिए पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके अलावा यमुना नदी में नावों के जरिए भी लगातार गश्त की जा रही है, ताकि नदी के रास्ते किसी भी संदिग्ध गतिविधि की संभावना को रोका जा सके।
यमुना खादर इलाके में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं और वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस जमीन के साथ-साथ नदी और आसपास के इलाकों से भी सुरक्षा पर नजर रख रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Aug 2026 2:45 PM IST












