टी20 सीरीज न्यूजीलैंड ने जीता चौथा मैच, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बनाई
वेलिंगटन, 22 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही घरेलू टी20 सीरीज जीत ली है। रविवार को खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। एनेरी डर्कसेन ने सर्वाधिक 55 रन की पारी खेली थी। 32 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। सलामी बल्लेबाज सुने लुस 30 रन बनाकर दूसरी शीर्ष स्कोरर रहीं।
न्यूजीलैंड की तरफ से जेस केर ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में मात्र 16 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन को 1-1 विकेट मिला।
न्यूजीलैंड ने 160 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने में सोफी डिवाइन ने एक बार फिर बड़ा योगदान दिया। डिवाइन ने 34 गेंदों पर 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 64 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान अमेलिया केर ने 31 और जॉर्जिया प्लिमर ने 29 रन बनाए। ब्रूक हैलिडे 16 और मैडी ग्रीन 9 रन बनाकर नाबाद रहीं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए क्लो ट्रायोन ने 2, जबकि एनेरी डर्कसन और एन मल्बा ने 1-1 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड की जेस केर प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।
सीरीज का पांचवां मुकाबला हेग्ले ओवल, क्राइस्टचर्च में 25 मार्च को खेला जाएगा।
इस समय दक्षिण अफ्रीका की महिला और पुरुष क्रिकेट टीम 5-5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। महिला टीम टी20 सीरीज जीत चुकी हैं। न्यूजीलैंड महिला टीम सीरीज में 3-1 से आगे है, जबकि पुरुष टीम ने 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त बनाई हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 11:09 AM IST












