टी-20 विश्व कप जीतने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईशान किशन को किया सम्मानित
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 की ट्रॉफी जिताने में अहम किरदार निभाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक करोड़ रुपये की इनामी राशि देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ईशान को उनके सफल क्रिकेट करियर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर ईशान संग तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल ईशान किशन को विश्व कप जिताने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। सफल क्रिकेट करियर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं, बिहार का नाम यूं ही रोशन करते रहिए।"
टी20 विश्व कप 2026 में ईशान का प्रदर्शन दमदार रहा था। नंबर तीन पर खेलते हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अहम योगदान दिया। उन्होंने टूर्नामेंट में खेले 9 मुकाबलों में 193 के बेमिसाल स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 317 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले और उनका सर्वाधिक स्कोर 77 रन रहा। ईशान टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से संजू सैमसन के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी ईशान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 54 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी, जिसके बूते भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाने में सफल रही थी। हालांकि, 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन बनाकर ढेर हो गई थी। भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। इसके साथ ही टीम इंडिया क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में विश्व कप के टाइटल का बचाव करने वाली भी पहली टीम रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 3:42 PM IST












