टी20 विश्व कप के दौरान अनफिट से बाबर और फखर, फिजियो की भूमिका पर उठे सवाल

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट में एक नया विवाद सामने आया है। बाबर आजम और फखर जमान की फिटनेस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी जब टी20 विश्व कप के लिए चुने गए थे, तब वे पूरी तरह फिट नहीं थे।
इस मामले ने तूल तब पकड़ा जब आकिब जावेद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जांच की मांग की। पीसीबी मेडिकल पैनल से जुड़े स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. जावेद मुगल ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, विश्व कप के बाद जब बाबर की जांच हुई तो उनकी चोट पहले बताई गई तुलना में ज्यादा गंभीर पाई गई। इसी वजह से उन्होंने नेशनल टी20 कप में नहीं खेलने का फैसला लिया। वहीं, फखर जमान भी लंबे समय से चोट से जूझ रहे थे।
अनफिट होने के बावजूद टी20 टीम में बाबर आजम और फखर जमान को शामिल किए जाने के बाद टीम के फिजियो क्लिफ डीकन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। चयन समिति का कहना है कि उन्होंने केवल उन्हीं खिलाड़ियों को चुना जिन्हें फिजियो से फिटनेस क्लीयरेंस मिला था। क्लिफ पर आरोप है कि वह पूर्व में भी मामूली चोट से पीड़ित खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति देते रहे हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस मामले की जांच करने वाला है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी कि क्या बाबर और फखर को अनफिट रहते हुए विश्व कप टीम में चुना गया था? अगर जांच में ये खबर सही पाई जाती है तो पीसीबी सख्त कार्रवाई कर सकता है। बाबर आजम फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे हैं। 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में वह पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते नजर आएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 7:55 AM IST












