टी20 वर्ल्ड कप में मार्को जानेसन-ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने रचा इतिहास

टी20 वर्ल्ड कप में मार्को जानेसन-ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने रचा इतिहास
न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्को जानेसन और ट्रिस्टन स्टब्स की साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की। यह टी20 वर्ल्ड के कप प्लेऑफ में छठे विकेट या उससे निचले क्रम पर दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्को जानेसन और ट्रिस्टन स्टब्स की साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की। यह टी20 वर्ल्ड के कप प्लेऑफ में छठे विकेट या उससे निचले क्रम पर दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

बुधवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में मार्को जानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच उस समय मजबूत साझेदारी हुई, जब साउथ अफ्रीका ने 77 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से इस जोड़ी ने स्कोर को 150 तक पहुंचाया, जिसके बाद मार्को जानसेन ने मोर्चा संभालते हुए स्कोर 169/8 तक पहुंचाया।

यह टी20 क्रिकेट में साउथ अफ्रीका की तरफ से छठे या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ी साझेदारी का भी रिकॉर्ड है।

टी20 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ में छठे विकेट या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड मार्कस स्टोइनिस और मैथ्यू वेड के नाम पर है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने साल 2021 में दुबई के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 81 रन की अटूट साझेदारी की थी।

टी20 वर्ल्ड कप 2009 के फाइनल में श्रीलंका की ओर से एंजेलो मैथ्यूज और कुमार संगकारा की जोड़ी ने पाकिस्तान के विरुद्ध लॉर्ड्स के मैदान पर 68 रन की अटूट साझेदारी की थी। यह जोड़ी इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है।

लिस्ट में चौथे नंबर पर जॉर्ज बेली और पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी है, जिन्होंने साल 2016 के फाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध 54 रन की अटूट साझेदारी की थी। साल 2010 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से माइकल हसी और मिचेल जॉनसन की जोड़ी ने पाकिस्तान के खिलाफ 53 रन की अटूट साझेदारी की थी।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इस पारी में मार्को जानसेन ने 30 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ नाबाद 55 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 24 गेंदों में 29 रन की पारी खेली। इनके अलावा, देवाल्ड ब्रेविस ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से मैट हेनरी, कोल मैककोन्ची और रचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट निकाले। लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 8 मार्च को खिताबी मुकाबले में उतरेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 March 2026 9:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story