T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप टिम साइफर्ट और फिन एलेन की आंधी में उड़ी यूएई, न्यूजीलैंड ने 10 विकेट से जीता मुकाबला

चेन्नई, 10 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप डी के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने यूएई पर एकतरफा जीत हासिल की है। यूएई के दिए 174 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाजों टिम साइफर्ट और फिल एलेन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 28 गेंद पहले बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 174 के लक्ष्य को हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज साइफर्ट और एलेन पहले ओवर से ही यूएई के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे। दोनों ने मैदान के चारों ओर शॉट्स की झड़ी लगा दी। इन बल्लेबाजों के सामने यूएई के गेंदबाज असहाय नजर आए।
साइफर्ट 42 गेंद पर 3 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 89 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिन एलेन 50 गेंद पर 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ने 15.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 175 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीत लिया।
इससे पहले यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 173 रन बनाए थे। यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 12 के स्कोर पर आर्यांश शर्मा के रूप में पहला झटका लगा था। इसके बाद कप्तान मुहम्मद वसीम और आलिशान सराफू ने दूसरे विकेट के लिए 107 रन की मजबूत साझेदारी की। सराफू 47 गेंद पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
इसके बाद मयंक कुमार के साथ कप्तान वसीम ने चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। मयंक 12 गेंद पर 1 छक्का और 2 चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। वसीम अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 45 गेंद पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 66 रन की पारी खेली।
न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिशेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने 1-1 विकेट लिए थे।
टिम साइफर्ट प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Feb 2026 6:18 PM IST












