नोएडा ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कीमती ज्वैलरी और नकदी भी बरामद की गई है।

नोएडा, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कीमती ज्वैलरी और नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए सुशांक सिंह, प्रदीप, रोहित कुमार और वासु को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों और जिलों के रहने वाले हैं, लेकिन दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक डायमंड सॉलिटेयर, एक सोने की चेन और 14,530 रुपए नकद बरामद हुए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से अपराध करते थे। वे फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर किराए पर कमरे लेते थे, ताकि उनकी असली पहचान छुपी रहे। इसके बाद ये लोग अलग-अलग ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। जब कोई व्यक्ति इनके जाल में फंस जाता था, तो उसे मिलने के लिए किराए के कमरे पर बुलाया जाता था। वहां पहुंचने के बाद आरोपी पीड़ित को आपत्तिजनक स्थिति में फंसा लेते थे और उसके फोटो या वीडियो बना लेते थे।

इसके बाद उन तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने या परिवार वालों को भेजने की धमकी देकर पीड़ित को ब्लैकमेल किया जाता था। डर और बदनामी के भय से पीड़ित व्यक्ति आरोपियों को नकद पैसे देने के लिए मजबूर हो जाता था। इतना ही नहीं, आरोपी मौके पर ही पीड़ित के पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण भी छीन लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पूरी तरह से संगठित तरीके से काम कर रहा था। फर्जी पहचान, चोरी के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर ये लोग लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और लूट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और किसी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले उसकी पहचान की पूरी जांच कर लें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 5:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story