बोकारो पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह के 7 गुर्गे गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक अपराधी घायल
बोकारो, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले की पुलिस ने रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने वाले दो अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान और अमन साहू गिरोह के लिए काम करने वाले सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में मुख्य साजिशकर्ता प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस कुमार गुप्ता, श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। सुबह जब पुलिस टीम प्रिंस गुप्ता की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
एसपी के अनुसार, यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। गिरफ्तार अपराधी शहर के बड़े कारोबारियों, ठेकेदारों और जमीन कारोबारियों के मोबाइल नंबर जुटाकर अपने सरगनाओं राहुल दुबे, मयंक सिंह और प्रिंस खान तक पहुंचाते थे। नंबर मिलने के बाद विदेशों या जेलों से रंगदारी के कॉल आते थे। रंगदारी की रकम वसूली का जिम्मा भी इन्हीं स्थानीय गुर्गों के पास था।
पुलिस ने इनके पास से रंगदारी में इस्तेमाल कई मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड और हथियार बरामद किए हैं। पिछले कुछ दिनों से बोकारो के व्यवसायियों को प्रकाश शुक्ला नामक व्यक्ति के जरिए धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल रहे थे, जिससे औद्योगिक नगरी में दहशत का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और दोनों गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए सातों अपराधियों को दबोच लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 5:56 PM IST












