छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 1432 किलो मादक पदार्थ जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 1432 किलो मादक पदार्थ जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम पोस्त डोडा की एक विशाल खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहे थे।

महासमुंद, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम पोस्त डोडा की एक विशाल खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अफीम पोस्त डोडा भरकर उड़ीसा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक एचआर46एफ4848 को रोका गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम हरविंदर सिंह और सहयात्री ने सत्यवान वाल्मीकि बताया, जो दोनों हरियाणा के करनाल जिले के निवासी हैं। जब वाहन के पीछे रखी बोरियों के बारे में जानकारी ली गई तो आरोपियों ने स्वीकार किया कि उसमें अफीम पोस्त डोडा भरा हुआ है, जिसे वे झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली, जिसमें कुल 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए है और दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 20 हजार रुपए है, भी जब्त किए गए। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, इसके स्रोत और गंतव्य बिंदुओं की पहचान करने तथा वित्तीय जांच को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 5:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story