ताड़ासन से सुधारें अपनी मुद्रा, अभ्यास से मिलेगी स्थिरता और संतुलन, आयुष मंत्रालय ने बताए फायदे

ताड़ासन से सुधारें अपनी मुद्रा, अभ्यास से मिलेगी स्थिरता और संतुलन, आयुष मंत्रालय ने बताए फायदे
विश्व योग दिवस का समय नजदीक है। इस बीच भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने नागरिकों को सही मुद्रा (पोस्चर) बनाए रखने की अहमियत बताते हुए ताड़ासन योगासन को अपनाने की सलाह दी है। मंत्रालय के अनुसार, सही पोस्चर एक रात में नहीं बनता। यह जागरुकता, संतुलन और हमारे रोजमर्रा के खड़े होने के तरीके से शुरू होता है।

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। विश्व योग दिवस का समय नजदीक है। इस बीच भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने नागरिकों को सही मुद्रा (पोस्चर) बनाए रखने की अहमियत बताते हुए ताड़ासन योगासन को अपनाने की सलाह दी है। मंत्रालय के अनुसार, सही पोस्चर एक रात में नहीं बनता। यह जागरुकता, संतुलन और हमारे रोजमर्रा के खड़े होने के तरीके से शुरू होता है।

ताड़ासन को ‘माउंटेन पोज’ के नाम से भी जाना जाता है। यह आसन शरीर की बनावट को बेहतर बनाने, पोस्चर को मजबूत करने, स्थिरता बढ़ाने और पूरे शारीरिक संतुलन की मजबूत नींव रखने में बहुत उपयोगी है। देखने में यह आसान लगता है लेकिन यह बुनियादी योगासन सजगता, रीढ़ की हड्डी और शरीर के विभिन्न अंगों के बेहतर तालमेल में कारगर है।

एक्सपर्ट के अनुसार, पोस्चर में सुधार, स्थिरता बनाना और स्पाइनल अलाइनमेंट को सपोर्ट करना एक आसान स्टैंडिंग पोज से शुरू किया जा सकता है। आजकल की व्यस्त जीवनशैली में लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल पर काम करने के कारण गलत मुद्रा की समस्या आम हो गई है। इससे पीठ दर्द, गर्दन में दर्द और थकान जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में ताड़ासन नियमित अभ्यास से इन समस्याओं से राहत मिल सकती है।

ताड़ासन अभ्यास के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं। इसके बाद दोनों पैरों को जोड़कर रखें और वजन समान रूप से दोनों पैरों पर बांटें। फिर घुटनों को सीधा रखते हुए जांघों को थोड़ा अंदर की ओर खींचते हुए पेट को हल्का अंदर की ओर रखें और छाती को आगे की ओर करें और कंधों को पीछे व नीचे की ओर रखें ताकि रीढ़ सीधी रहे। इस दौरान गर्दन सीधी रखें और आंखों को आगे किसी बिंदु पर केंद्रित करें व हाथों को शरीर के दोनों ओर सीधा रखें या फिर दोनों हाथों की हथेलियों को जोड़कर नमस्कार मुद्रा में छाती के सामने रखें। अभ्यास के दौरान गहरी सांस लेते और छोड़ते रहें। इस मुद्रा में 30 से 60 सेकंड तक रहें।

ताड़ासन के अभ्यास से तन-मन दोनों को कई लाभ मिलते हैं। यह रीढ़ की हड्डी को मजबूत और सीधा रखता है, कंधों और गर्दन की जकड़न कम करता है, शरीर के संतुलन और स्थिरता को बढ़ाता है। आत्मविश्वास बढ़ाता है और मन को एकाग्र करता है और पूरे शरीर में ऊर्जा का संचार करता है।

आयुष मंत्रालय सभी उम्र के लोगों, खासकर युवाओं और ऑफिस जाने वाले लोगों से अपील करता है कि वे अपनी दिनचर्या में ताड़ासन को शामिल करें। सुबह खाली पेट या शाम को यह आसन 5-10 मिनट तक किया जा सकता है। शुरुआत में दीवार का सहारा लेकर भी अभ्यास किया जा सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 May 2026 10:15 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story