तमिलनाडु एग्जिट पोल डीएमके की वापसी के संकेत, एआईडीएमके को झटका, विजय को क्या मिला?
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राज्य की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान संपन्न हो गया। मतगणना 4 मई को होगी, तब यह स्पष्ट हो पाएगा कि सही नतीजे क्या होते हैं। इसी बीच, एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ रहे हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, डीएमके गठबंधन को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईएडीएमके गठबंधन को 87 से 110 सीटें मिल सकती हैं। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 0 से 6 सीटें जा सकती हैं।
पी-मार्क के एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन को 125 से 145 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईएडीएमके गठबंधन को 65 से 85 सीटें मिल सकती हैं। टीवीके को 16 से 26 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य के खाते में 1 से 6 सीटें जा सकती हैं।
मैटराइज के एग्जिट पोल में भी डीएमके गठबंधन को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। इस सर्वे के अनुसार, डीएमके गठबंधन को 122 से 132 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईएडीएमके गठबंधन को 22 से 32 सीटें मिल सकती हैं। टीवीके को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि अन्य के खाते में 0 से 6 सीटें जाने की संभावना है।
पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन को 125 से 145 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईएडीएमके गठबंधन को 65 से 80 सीटें मिल सकती हैं। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को 18 से 24 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 2 से 6 सीटें जा सकती हैं।
चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन को 145 से 160 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईएडीएमके गठबंधन को 50 से 65 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे में टीवीके को कोई सीट मिलती नहीं दिख रही है, जबकि अन्य के खाते में 18 से 26 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।
बता दें कि तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 118 सीटों की जरूरत होगी। इस चुनाव में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में उतरे। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके के सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच रहा। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने भी इस बार सभी सीटों पर चुनाव लड़कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
तमिलनाडु में इस बार कुल 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता थे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। कुल मतदान 84.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। वोटिंग प्रतिशत के लिहाज से यह तमिलनाडु के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा मतदान माना जा रहा है।
चुनाव में पुरुषों का मतदान 83.57 प्रतिशत, महिलाओं का 85.76 प्रतिशत और थर्ड जेंडर मतदाताओं का मतदान 60.49 प्रतिशत दर्ज किया गया।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि एग्जिट पोल के आंकड़े अंतिम परिणाम नहीं हैं। असली तस्वीर 4 मई को मतगणना पूरी होने के बाद साफ होगी। उसी दिन तय होगा कि तमिलनाडु में किसकी सरकार बनेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 8:39 PM IST











