तंजानिया में इंजन की खराबी से बीच समुद्र रुक गई थी नाव 14 लोगों की मौत, 22 को बचाया गया
दार एस सलाम, 25 जुलाई (आईएएनएस)। तंजानिया के माफिया द्वीप पर तकनीकी खराबी से बीच समुद्र फंसी नौका के 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 22 को बचा भी लिया गया। शनिवार को सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी।
बुधवार को द्वीप के पास प्रवासियों से भरी एक नौका समुद्र में खराब हो गई थी। तकनीकी गड़बड़ी के कारण ये हिल नहीं पाई और बाद में बचाव दल वहां पहुंचा। तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी। मृतक और जीवित बचे लोग डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी), बुरुंडी और कोमोरोस के नागरिक बताए गए हैं।
माफिया जिले की आयुक्त अजीजा मंगोसोंगो ने बताया कि 22 जुलाई को बचाए गए लोगों को बालेनी वार्ड के कुंगवी गांव के तट पर पाया गया। उनकी नौका में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी।
मंगोसोंगो के अनुसार, समुद्र में नौका के संकट में फंसने के बाद 14 प्रवासियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सभी प्रवासी मायोट पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जो फ्रांस का एक विदेशी विभाग (ओवरसीज डिपार्टमेंट) है। उनका उद्देश्य वहां बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश करना था।
उन्होंने बताया कि नौका समुद्र में आए तेज तूफान की चपेट में आ गई और बहकर खुले समुद्र में पहुंच गई। खराब मौसम के कारण नौका का इंजन भी बंद हो गया। जीवित बचे लोगों के मुताबिक, वे करीब आठ दिनों तक समुद्र में फंसे रहे जिसके बाद बचाव दल ने उन्हें सुरक्षित निकाला।
नौका समुद्र के बीचोंबीच इंजन खराब होने के बाद करीब आठ से 10 दिनों तक लहरों के सहारे बहती रही, जिससे उसमें सवार लोग भोजन और पीने के पानी के बिना फंस गए। कई लोग बेहोशी की हालत में थे और लंबे समय तक भूखे रहने के कारण बेहद कमजोर हो चुके थे।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग 40 फुट लंबी ग्रे और सफेद रंग की फाइबरग्लास नौका पर कुल 36 लोग सवार थे। यह नौका किसी भी प्रकार के पंजीकरण या पहचान चिह्न के बिना संचालित की जा रही थी और इसमें यामाहा इंजन लगा हुआ था, जो समुद्र में खराब हो गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 5:43 PM IST












