टीईटी पेपर लीक मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 18 लोग पकड़े गए
भिवंडी, 20 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के टीईटी पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अशोक कुमार शॉ को बिहार से और प्रकाश मिसाल को बीड से गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रकाश मिसाल टीईटी पेपर लेकर महाराष्ट्र में छात्रों को पढ़ाने वाला था, जबकि अशोक कुमार शॉ अभी भी इस केस के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता के संपर्क में था। बिजेंद्र ही अब तक गिरफ्तार किए गए एजेंटों को टीईटी पेपर बेचने वाला था।
भिवंडी पुलिस ने दो दिन पहले ही इस मामले में 3500 पेज की चार्जशीट फाइल की थी और इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक पर होने वाली है। अब तक इस केस में 16 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं। दो नए आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ आरोपियों की कुल संख्या अब 18 हो गई है। पुलिस का कहना है कि नए गिरफ्तार आरोपियों से कुछ नए खुलासे होने की संभावना है।
इस मामले पर एसीपी विजय मराठे ने जानकारी दी। उन्होंने कहा, "टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) के प्रश्न-पत्र लीक होने के मामले में दर्ज क्राइम नंबर 281/2026 के सिलसिले में अब तक 15 पुरुष और एक महिला संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है और दो दिन पहले चार्जशीट दाखिल की गई थी। इस मामले में दो आरोपी फरार थे। दोनों आरोपियों को कल गिरफ्तार कर लिया गया। आज उन्हें अदालत के सामने पेश किया गया, जिसने दोनों आरोपियों को 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी रिमांड में भेज दिया है।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पेपर लीक नेटवर्क बिहार से महाराष्ट्र तक फैला हुआ था। मुख्य आरोपी ने पेपर को मोटी रकम में बेचा था और एजेंटों के जरिए छात्रों तक पहुंचाया जा रहा था। भिवंडी पुलिस इस रैकेट की पूरी चेन को खंगाल रही है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2026 11:06 PM IST












