द ओवल टेस्ट ग्लेन फिलिप्स का पहला टेस्ट, न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 391 रन बनाए
द ओवल, 18 जून (आईएएनएस)। ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स के पहले टेस्ट शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने द ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 391 रन बनाए। लंच तक इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए थे।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ग्लेन फिलिप्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपना पहला टेस्ट शतक लगाते हुए न्यूजीलैंड को पहली पारी में 391 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फिलिप्स आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए।
फिलिप्स ने 135 गेंदों पर 18 चौकों की मदद से 100 रन बनाए। इस दौरान आठवें विकेट के लिए काइल जैमिसन (41) के साथ 87 रन की अहम साझेदारी की।
कीवी टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने भी अर्धशतक लगाया। ब्लंडेल 84 गेंदों पर 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके अलावा, रचिन रवींद्र ने 33, टॉम लैथम ने 27 और हेनरी निकोलस ने 24 रन बनाए थे। कीवी टीम की पारी में अतिरिक्त 53 रनों की बड़ी भूमिका रही। फिलिप्स के बाद यह पारी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
इंग्लैंड के लिए पार्ट टाइम गेंदबाज के रूप में आए जैकब बेथल सबसे सफल रहे। बेथेल ने 10 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर, सोन्नी बाकेर ने 2-2 विकेट लिए। जोश टंग को 1 विकेट मिला।
दूसरे दिन के लंच तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। बेन डकेट 7 और एमिलो गे 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इस टेस्ट से पहले न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने संन्यास की घोषणा कर दी थी, जबकि विवाद की वजह से इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को मैच से दूर रखा गया है।
तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पहला टेस्ट जीतकर इंग्लैंड 1-0 से आगे चल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 6:19 PM IST












