टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस मुंबई पुलिस ने वीआईपी की सुरक्षा बढ़ाई, मंत्री बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
मुंबई, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर आ गई है। पुलिस ने जुहू इलाके में सभी वीआईपी और मशहूर हस्तियों की सुरक्षा बढ़ा दी है, वहीं रोहित शेट्टी की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीने पहले रोहित शेट्टी के घर पर भी गोली चलाई गई थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कई टीमें गठित की हैं।
इस घटना पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना दिल दहला देने वाली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, और इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से बातचीत के बाद विस्तृत जानकारी मिल गई है। इस मामले में आरोपियों को किसी भी तरह से बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्हें निश्चित रूप से उचित सजा दी जाएगी।"
वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, "टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमला हुआ है। यह घटना चिंताजनक और निंदनीय है; मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मैंने इस मामले में पुलिस आयुक्त और टाइगर श्रॉफ दोनों से बात की है। मुंबई पुलिस आयुक्त ने दोषियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं। गोलीबारी के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द ही ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें उनकी ही भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।"
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कहा कि पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई करेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि फायरिंग की इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, लेकिन उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। पिछले कुछ महीनों में सलमान खान, सैफ अली खान और रोहित शेट्टी जैसे सितारों को भी निशाना बनाया जा चुका है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Oct 2026 11:56 PM IST












