टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में इस्तेमाल हुए 2 पिस्टल सूरत से बरामद, फोरेंसिक लैब में होगी जांच

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में इस्तेमाल हुए 2 पिस्टल सूरत से बरामद, फोरेंसिक लैब में होगी जांच
अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ऊपर हुई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए 2 पिस्टल को आखिरकार मुंबई क्राइम ब्रांच ने बरामद कर लिया है।

मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ऊपर हुई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए 2 पिस्टल को आखिरकार मुंबई क्राइम ब्रांच ने बरामद कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने सूरत से दो पिस्टल को बरामद करके उसे जब्त कर लिया है। हालांकि इन हथियारों की बरामदगी किसी अज्ञात जगह या शख्स के पास से हुई है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शूटरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने के दौरान इन पिस्टल को सूरत में छिपा दिया था। इस बरामदगी के बाद अब पुलिस इन हथियारों को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी।

बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद पुष्पा नरसी ग्राउंड से अपनी कार में जा रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए,लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग के बाद तीनों संदिग्ध शूटर मोटरसाइकिल से भाग गए और फिर ट्रेन और कैब के जरिए अलग-अलग जगहों पर चले गए थे।

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई में तीन शूटर रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। बाद में हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच करते हुए दिल्ली और सोनीपत से भी गिरफ्तारियां हुईं। इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथी रणदीप मलिक ने कथित तौर पर रेहान को अनिल पंडित से मिलवाया था। एक अन्य आरोपी कुणाल के भी मलिक के जरिए ही पंडित के संपर्क में आने का संदेह है। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी कुणाल ने हथियार मुंबई पहुंचाने के लिए राधा और बबीता नामक दो महिलाओं को पैसे दिए थे। दोनों को काम के सिलसिले में मुंबई घूमने का लालच भी दिया गया था। हथियार पहुंचाने के बाद दोनों महिलाओं के मुंबई में कुछ जगहों पर घूमने की जानकारी सामने आई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story