टीएमसी के कार्यकर्ता और नेता पश्चिम बंगाल का खराब कर रहे माहौल दिलीप घोष

टीएमसी के कार्यकर्ता और नेता पश्चिम बंगाल का खराब कर रहे माहौल दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल के भाटपारा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि भाटपारा में पिछले कुछ समय से हिंसा का माहौल बना हुआ है।

न्यूटाउन, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भाटपारा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि भाटपारा में पिछले कुछ समय से हिंसा का माहौल बना हुआ है।

भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "वहां लगभग हर दिन गोलीबारी और बम धमाकों की आवाजें सुनाई देती हैं, लेकिन चुनाव के दिन स्थिति अलग होगी और लोग शांतिपूर्वक मतदान करेंगे।"

इसी बीच टीएमसी सांसद मिताली बाग पर हुए कथित हमले को लेकर भी राजनीति गरमा गई है। दिलीप घोष ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह हमला सहानुभूति हासिल करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि यदि भाजपा हमला करना चाहती तो कई अन्य स्थानों पर ऐसा कर सकती थी, लेकिन उनकी पार्टी का उद्देश्य केवल शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें, जिससे राज्य में बदलाव संभव हो सके।

भवानीपुर सीट को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है। दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनका आखिरी दौर है और जनता अब परिवर्तन चाहती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डराने-धमकाने और हिंसा के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि लोग अब बदलाव के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार ममता सरकार को भी पता चल गया है कि पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार जा रही है और भाजपा सरकार आने वाली है, इसीलिए टीएमसी के नेता और कार्यकर्ता और परेशान दिख रहे हैं। 4 मई को रिजल्ट आने के बाद इन लोगों को इसका पता भी चल जाएगा।

दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी टीएमसी सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कोलकाता मेट्रो परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि चिंगरीघाटा क्षेत्र में कई वर्षों से मेट्रो कार्य अटका हुआ है, क्योंकि राज्य सरकार ने अनुमति नहीं दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अदालतों का रुख भी किया गया, जहां से मेट्रो निर्माण के पक्ष में आदेश मिला। वैष्णव ने दावा किया कि आगामी चुनाव के बाद भाजपा सरकार बनने पर इन विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 April 2026 10:38 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story