टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लाखों की ठगी, साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लाखों की ठगी, साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की जा रही थी। थाना साइबर क्राइम की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा, 18 मार्च (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की जा रही थी। थाना साइबर क्राइम की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आदित्य राज को आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वह ठगी के इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर आकर्षक विज्ञापन चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप जैसे देशों के लिए सस्ते और आकर्षक टूर पैकेज का लालच देता था। जब कोई व्यक्ति इन पैकेज में रुचि दिखाता तो आरोपी उसे भरोसे में लेकर बुकिंग कन्फर्म होने का दावा करता और अपने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करा लेता था।

इसके बाद आरोपी चालाकी से बुक किए गए टिकटों को कैंसिल कराकर उनका रिफंड खुद प्राप्त कर लेता था और पीड़ितों से संपर्क बंद कर देता था। इस तरह आरोपी ने अब तक करीब 12 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदित्य राज (उम्र 33 वर्ष) मूलरूप से बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है और वर्तमान में आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में रह रहा था। उसकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं तक बताई गई है।

साइबर क्राइम पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और संभावित साथियों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले किसी भी आकर्षक ऑफर या सस्ते टूर पैकेज के झांसे में न आएं और किसी भी भुगतान से पहले संबंधित कंपनी की पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 March 2026 5:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story