त्योहारों पर रेलवे-रोडवेज का बड़ा प्लान लखनऊ से 103 स्पेशल ट्रेनें, फर्रुखाबाद में 116 बसें सड़क पर उतरेंगी

त्योहारों पर रेलवे-रोडवेज का बड़ा प्लान लखनऊ से 103 स्पेशल ट्रेनें, फर्रुखाबाद में 116 बसें सड़क पर उतरेंगी
दीपावली, भाई दूज और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और उत्तर प्रदेश रोडवेज ने विशेष तैयारियां की हैं। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए 103 विशेष ट्रेन के फेरों की योजना बनाई है।

लखनऊ, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली, भाई दूज और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और उत्तर प्रदेश रोडवेज ने विशेष तैयारियां की हैं। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए 103 विशेष ट्रेन के फेरों की योजना बनाई है।

वहीं, फर्रुखाबाद रोडवेज डिपो ने 6 से 17 नवंबर तक कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। इस दौरान दिल्ली, आगरा और अन्य प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी से बचाना और परिवहन व्यवस्था सुचारू बनाए रखना है।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 4 नवंबर से 20 नवंबर के बीच लखनऊ मंडल से शुरू होने वाली या यहां समाप्त होने वाली विशेष ट्रेनों के कुल 103 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इन ट्रेनों को नियमित सेवाओं की वेटिंग लिस्ट और यात्रियों की मांग के आधार पर नियोजित किया गया है। विशेष ट्रेनें मुंबई, दिल्ली, जम्मू और बठिंडा सहित उन प्रमुख गंतव्यों के लिए चलाई जाएंगी, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है।

सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान दिल्ली और मुंबई से बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों की ओर आ रहे हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। विशेष ट्रेनों के संचालन से इस भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। त्योहार समाप्त होने के बाद यही यात्री वापस अपने कार्यस्थलों की ओर लौटेंगे। वापसी के दौरान भी दिल्ली और मुंबई सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए यात्रियों की मांग बनी रहेगी। इन्हीं उपलब्ध आंकड़ों और मांग के आधार पर विशेष ट्रेनों की योजना तैयार की गई है।

डीआरएम ने बताया कि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और स्टेशनों पर भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए आरपीएफ और वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती भी की है। लखनऊ और बनारस जैसे अधिक यात्री आवागमन वाले महत्वपूर्ण स्टेशनों पर कर्मचारियों को लगाया गया है, ताकि ट्रेनों का संचालन व्यवस्थित रहे और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें। रेलवे और आरपीएफ को स्टेशनों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, फर्रुखाबाद में रोडवेज प्रशासन ने भी त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव से निपटने के लिए तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। फर्रुखाबाद के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि 6 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। इस अवधि में सभी कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा। दिल्ली, आगरा और स्थानीय मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है तथा बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।

राजेश कुमार ने कहा कि फर्रुखाबाद डिपो से दिल्ली मार्ग पर 45 बसें संचालित होंगी, जबकि आगरा मार्ग पर 20 बसें चलेंगी। इसके अलावा हरदोई, शाहजहांपुर, कानपुर और जरूरत के अनुसार बदायूं के लिए भी पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। डिपो की सभी बसें सड़क पर संचालित रहेंगी और बाहर के डिपो से आने वाली बसों का भी संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फर्रुखाबाद डिपो में कुल 116 बसें हैं। इनमें 94 बसें निगम की और 24 बसें अनुबंधित हैं। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल सभी 116 बसें संचालित हो रही हैं और त्योहारों के लिए तैयारी पूरी है।

बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के संबंध में उन्होंने बताया कि पेयजल, रोशनी, पंखे और मोबाइल चार्जिंग जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी गई हैं। लाइट की व्यवस्था भी ठीक कराई गई है। राजेश कुमार ने भरोसा जताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और सभी लोग सुविधाजनक तरीके से अपना त्योहार मना सकेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story