अंतरराष्ट्रीय: सेंट्रल वियतनाम में टाइफून 'वुटिप' के कारण तीन लोगों की मौत

हनोई, 14 जून (आईएएनएस)। इस साल के पहले टाइफून 'वुटिप' के कारण सेंट्रल वियतनाम में भयंकर बाढ़ आ गई है। स्थानीय मीडिया ने शनिवार को बताया कि इस तूफान से तीन लोगों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि क्वांग ट्राई प्रांत के ट्रियू फोंग जिले में बाढ़ से बचाव के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 'है लैंग' जिले में एक अन्य व्यक्ति डूब गया।
पड़ोस के क्वांग बिन्ह प्रांत में चार लोग लापता हैं। खोज और बचाव दल लगातार लोगों को बचाने में जुटा है।
रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के पानी ने 21,000 हेक्टेयर से ज्यादा धान के खेतों, हजारों हेक्टेयर सब्जियों और एक्वाकल्चर पॉन्ड्स को जलमग्न कर दिया है। इस बाढ़ से पॉल्ट्री फॉर्म को भी नुकसान पहुंचा है, जहां करीब 10 हजार मुर्गियां मर गईं।
भारी बाढ़ के कारण निचले और पहाड़ी इलाकों में घर भी जलमग्न हो गए हैं। इससे यातायात बाधित हुआ है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। हालांकि, नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
प्रांतीय मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार, टाइफून वुटिप ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के लीझोउ शहर के पास अपना दूसरा लैंडफॉल किया।
वुटिप ने शुक्रवार को रात 11 बजे के आसपास दक्षिण चीन के द्वीप प्रांत हैनान के डोंगफैंग शहर के पास लैंडफॉल किया था।
इसके 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद की जा रही है, जो ग्वांगडोंग और गुआंग्शी के बीच सीमा क्षेत्र को घेरे हुए है। हालांकि, इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है।
अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गुरुवार रात 8 बजे तक निर्माण स्थलों, निचले बाढ़-ग्रस्त क्षेत्रों और अचानक बाढ़ के जोखिम वाले क्षेत्रों से कुल 16,561 लोगों को निकाला जा चुका था।
प्रांत के सभी 30,721 मछली पकड़ने वाले जहाज या तो बंदरगाहों पर लौट आए, या कहीं और शरण ले चुके हैं।
चीन मौसम विज्ञान प्रशासन (सीएमए) ने बताया है कि बुधवार को दक्षिण चीन सागर में वुटिप विकसित हुआ था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Jun 2025 3:45 PM IST