उधमपुर एयरपोर्ट परियोजना को मिली रफ्तार, अगस्त में टर्मिनल निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना
नई दिल्ली/उधमपुर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को उधमपुर एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि टर्मिनल निर्माण के लिए जारी टेंडर की तकनीकी निविदा (टेक्निकल बिड) 10 जुलाई को खोली जा चुकी है, जिसमें सात एजेंसियों ने भाग लिया है। अब वित्तीय निविदा (फाइनेंशियल बिड) लगभग 22 जुलाई को खोले जाने की संभावना है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित प्रक्रिया समय पर पूरी होती है तो अगस्त 2026 के दूसरे सप्ताह तक निर्माण कार्य का ठेका (वर्क ऑर्डर) जारी किया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार इस परियोजना की लगातार निगरानी कर रही है ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
अधिकारियों के अनुसार, उधमपुर एयरपोर्ट का विकास दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में नागरिक उड्डयन सेवाओं को जल्द शुरू करने के उद्देश्य से मौजूदा उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन के परिसर में बनाए गए अस्थायी टर्मिनल से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। अनुमान है कि अगले छह से सात महीनों के भीतर यहां से आम यात्रियों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
परियोजना के दूसरे चरण में एयरपोर्ट का स्थायी और व्यापक विस्तार किया जाएगा। इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने जम्मू-कश्मीर सरकार से लगभग 28 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। अतिरिक्त भूमि मिलने के बाद आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी टर्मिनल भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां भविष्य में बड़े यात्री विमानों का संचालन भी संभव हो सकेगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस विस्तार परियोजना को अगले तीन वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नए टर्मिनल में आधुनिक यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास भी किया जाएगा।
केंद्र सरकार का कहना है कि उधमपुर एयरपोर्ट परियोजना क्षेत्रीय संपर्क योजना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके पूरा होने से जम्मू-कश्मीर के विकास को नई गति मिलेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 5:48 PM IST












