अंडर-19 एशिया कप रिजवानुल्लाह ने खोला 'पंजा', बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर पाकिस्तान ने बनाई फाइनल में जगह

अल अमेरत, 12 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 9 विकेट से रौंदा।
बांग्लादेश से मिले 139 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान ने सिर्फ एक विकेट खोकर 21.5 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की शुरुआत शानदार रही और पहले विकेट के लिए उस्मान खान और हयाम खान ने मिलकर 20.4 ओवर में 123 रन जोड़े। हयाम खासतौर पर अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 72 गेंदों का सामना करते हुए 69 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में हयाम ने 8 चौके और एक छक्का लगाया।
वहीं, उस्मान खान ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। उस्मान 54 गेंदों में 64 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। अब्दुल कादिर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश की तरफ से एकमात्र विकेट रोबिउल हसन ने चटकाया।
इससे पहले, बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 31.4 ओवर में सिर्फ 138 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और एसके जरीफ सियाम महज एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कौसर अहमद भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 9 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान मो. फरीद हसन फैसल भी 26 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर आउट हुए। अहसन अल मोमिन सिर्फ एक रन ही बना सके, तो अली रफी 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अब्दुल्ला अल मुही ने बांग्लादेश की ओर से सर्वाधिक 50 रन बनाए। 45 गेंदों की अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। रकीबुल हुसैन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 26 रन बनाकर आउट हुए। रोबिउल हसन अनिक और रुबाय इस्लाम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में रिजवानुल्लाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद सय्यम ने 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
