यूथ टेस्ट दूसरे दिन के खेल तक श्रीलंका ने गंवाए 8 विकेट, भारत की पकड़ में मैच

यूथ टेस्ट दूसरे दिन के खेल तक श्रीलंका ने गंवाए 8 विकेट, भारत की पकड़ में मैच
भारतीय अंडर-19 टीम ने आर. प्रेमदासा स्टेडियम में जारी दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। अपनी पहली पारी में 411 रन बनाने के साथ मेहमान टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका अंडर-19 को दबाव में रखा है। मेजबान टीम 40 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 122 रन बना सकी है। फिलहाल भारतीय टीम के पास 289 रन की बढ़त है।

कोलंबो, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-19 टीम ने आर. प्रेमदासा स्टेडियम में जारी दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। अपनी पहली पारी में 411 रन बनाने के साथ मेहमान टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका अंडर-19 को दबाव में रखा है। मेजबान टीम 40 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 122 रन बना सकी है। फिलहाल भारतीय टीम के पास 289 रन की बढ़त है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 ओवरों के खेल तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। इसके बाद कुशाग्र ओझा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान यशबर्धन चौहान (78) के साथ तीसरे विकेट के 122 रन, जबकि मनल चौहान के साथ चौथे विकेट के लिए 155 रन जोड़े।

कुशाग्र ओझा 12 चौकों और 2 छक्कों के साथ 111 रन बनाकर आउट हुए। यहां से मनल ने मोर्चा संभालते हुए 21 बाउंड्री के साथ 150 रन की पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। मेजबान टीम की तरफ से गिमहान मेंडिस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सेथमिका सेनेविरात्ने, दुलनिथ सिगेरा और विग्नेश्वरन आकाश ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 40 ओवरों का सामना किया, जिसमें 8 विकेट गंवाकर 122 रन बनाए। सलामी जोड़ी के तौर पर दिमंथा महाविथाना ने अवीशा समश के साथ पहले विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। अवीशा 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दिमंथा ने 24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

मेजबान टीम ने 40 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान विमथ दिनसारा ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 79 के स्कोर तक पहुंचाया। दिनसारा टीम के खाते में सिर्फ 8 रन जोड़ सके। इसके बाद विरान चमुदिथा ने 21 रन और दुलनिथ सिगेरा ने 31 रन का योगदान देकर टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया।

भारतीय खेमे से रोहित यादव, चिगुरुपति वेंकटा और प्रणव राघवेंद्र ने 2-2 विकेट हासिल किए हैं, जबकि काव्य पटेल और जगनाथन हेमचुदेशन 1-1 विकेट चटकाया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 July 2026 6:44 PM IST

Tags

Next Story