'उनका समय भी अच्छा बीतेगा,' रोहित शर्मा को बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर से उम्मीद
मुंबई, 7 जून (आईएएनएस)। सूर्यकुमार यादव के स्थान पर श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई है। दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अय्यर का समर्थन करते हुए कहा कि वे अपनी नई भूमिका में सफल होंगे।
रोहित की ये बातें उस रात सामने आईं जब 21,708 फैंस वानखेड़े स्टेडियम में टी20 मुंबई लीग 2026 का मैच देखने पहुंचे। लीग का चेहरा माने जाने वाले रोहित ने कहा कि मुंबई क्रिकेट का चुनौतीपूर्ण माहौल खिलाड़ियों को सबसे ऊंचे स्तर पर कप्तानी की भूमिका के लिए तैयार करता है।
उन्होंने कहा, "मुंबई में खेलने से आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है। अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति से पूछें, जिसने भारत या मुंबई की कप्तानी की है, तो वे भी यही कहेंगे। क्योंकि यहां कुछ भी आसानी से नहीं मिलता। आपको वास्तव में इसके लिए मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए, कप्तानी भी ऐसी चीज है, जिसे आपको हासिल करना होता है और अपने आस-पास के लोगों का सम्मान पाना होता है। इन सभी खिलाड़ियों में ये गुण हैं।"
वर्ल्ड कप जीतने वाले भारतीय कप्तान ने राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करने वाले मुंबई के क्रिकेटर्स के सफर का जिक्र करते हुए सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर को हिम्मत और नेतृत्व क्षमता के उदाहरण के तौर पर पेश किया।
उन्होंने कहा, "आपने सूर्या को देखा है, जिन्होंने भारत को वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाया। अगर मैं गलत नहीं हूं तो उन्होंने 31 साल की उम्र भारत के लिए डेब्यू किया था। इसका मतलब है कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वे हमेशा मुकाबले में बने रहना चाहते थे। जब मौका मिला, तो उन्होंने उसे दोनों हाथों से लपक लिया। अब, श्रेयस को टी20 कप्तान घोषित किया गया है। मुझे यकीन है कि जिस तरह से उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में मुंबई में अपनी फ्रेंचाइजी के लिए कप्तानी की है, उसे देखते हुए उनका समय भी अच्छा बीतेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2026 7:45 PM IST












