यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर इमरान मसूद ने जताया आभार, बोले- पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा
सहारनपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जताई है। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, हम उसे निभाने के लिए तैयार रहते हैं। पार्टी ने हम पर भरोसा जताया है। इसके लिए मैं प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल का आभार व्यक्त करता हूं। सभी का धन्यवाद।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से अजय राय को हटाने की भाजपा की आलोचना करने पर इमरान मसूद ने कहा, "दरअसल, वे (भाजपा) कांग्रेस से डरे हुए हैं। अजय राय बहुत ऊर्जावान प्रदेश अध्यक्ष थे, और पार्टी को आगे बढ़ाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।"
मुंबई में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान पर इमरान मसूद ने कहा, "विपक्ष और क्या करेगा? क्या घर बैठकर बर्तन साफ करेगा? विपक्ष का काम क्या है? आपने अराजकता फैला रखी है, आप पूरे देश में अराजकता का माहौल बना रहे हैं। अगर आप सभी संस्थाओं पर कब्जा करके बैठ जाएंगे तो विपक्ष क्या करेगा?"
बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चुनाव आयोग को लेकर 'फर्जी नैरेटिव' का खुलासा हो गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर इमरान मसूद ने कहा, "चुनाव आयुक्त ने भरोसा तोड़ दिया है। चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं में वर्षों से जो भरोसा बना था, यह सरकार उस भरोसे को तोड़ रही है।"
सहारनपुर में अवैध मस्जिद को ध्वस्त किए जाने पर इमरान मसूद ने कहा, "जिस संपत्ति के मालिक आप हैं ही नहीं, जिसके मालिक आज तक मुसलमान रहे हैं, आपने उसे ध्वस्त कर दिया। क्या वह अतिक्रमण बन गया?"
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के 50-50 फॉर्मूले को लागू करने पर इमरान मसूद ने कहा, "हमारे प्रभारी जो भी कह रहे हैं, हम उसके साथ खड़े हैं। वही पार्टी की आधिकारिक लाइन है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 5:28 PM IST












