रीवा न्यूज: भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर शिव मंदिर में एनएसयूआई ने किया सद्बुद्धि यज्ञ

भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर शिव मंदिर में एनएसयूआई ने किया सद्बुद्धि यज्ञ
संगठन ने सवाल उठाया कि छात्र संगठनों के साथ यह दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है

डिजिटल डेस्क रीवा।

अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में छात्र हितों, परीक्षा एवं परिणामों में विलंब, कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय एवं नियुक्ति संबंधी अनियमितताओं, विजिटिंग फैकल्टी, छात्रवृत्ति एवं शासकीय योजनाओं से वंचित छात्रों सहित विभिन्न मामलों को लेकर एनएसयूआई का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। पंकज उपाध्याय ने कुलगुरु राजेंद्र कुड़रिया , शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष रामभूषण मिश्रा सहित कुछ अन्य अध्यापकों पर ABVPआरएसएस और भाजपा के सदस्य के रूप में कार्य करने का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय में राजनीतिक हस्तक्षेप एवं दोहरे मापदंड की जांच की मांग की। एनएसयूआई का आरोप है कि सत्ता पक्ष के छात्र संगठन ABVP के लिए विश्वविद्यालय का सभागार खुला है, जबकि विपक्षी छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यक्रम के लिए सभागार बंद कर दिया जाता है। संगठन ने सवाल उठाया कि छात्र संगठनों के साथ यह दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है। एनएसयूआई ने रामभूषण मिश्रा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है। संगठन का सवाल है कि एक व्यक्ति को एक साथ पांच-पांच विभागों की जिम्मेदारी किस आधार पर दी जा सकती है। इसके साथ ही परीक्षा एवं परिणामों में देरी, कथित वित्तीय एवं नियुक्ति अनियमितताओं, विजिटिंग फैकल्टी की नियुक्तियों तथा छात्रों की विभिन्न समस्याओं की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई। सद्बुद्धि यज्ञ के दौरान भगवान शिव से विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि देने तथा छात्रों के हित में निर्णय लेने की प्रार्थना की गई। इसके बाद कार्यकर्ता प्रसाद लेकर कुलगुरु को देने पहुंचे लेकिन वे विश्वविद्यालय में उपस्थित नहीं थे। पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में प्रसाद उनके कार्यालय तक पहुंचाया गया।

जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने घोषणा की कि सोमवार से वे कुलगुरु के इस्तीफे तथा रामभूषण मिश्रा सहित संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष अमन द्विवेदी,गौरव पांडे,बलराम तिवारी,सचिव मोहित शुक्ला,विधानसभा अध्यक्ष संस्कार त्रिपाठी अर्पित कुशवाहा आईटी जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह,विश्वविद्यालय अध्यक्ष विश्ववर्धन सिंह,टीआरएस अध्यक्ष शक्ति पाठक, अनुराग मिश्रा,प्रभारी हर्ष सिंह,माखनलाल चतुर्वेदी अध्यक्ष संजय सिंह, छात्र नेता आदर्श सिंह गौरव कुशवाहा अनूप विश्वकर्मा, आदि छात्र नेता उपस्थित रहे।


Created On :   3 Oct 2026 5:34 PM IST

Tags

Next Story