Rewa news: लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया था बड़ा चबूतरा उसी को कर दिया छोटा

लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया था बड़ा चबूतरा उसी को कर दिया छोटा

डिजिटल न्यूज़ रीवा

करीब 5 वर्ष पूर्व सौन्दर्यीकरण को लेकर शहर के अस्पताल चौराहा मे स्थापित किये गये फब्बारे वाले चबूतरे को सुगम आवागमन की दृष्टि से छोटा कर दिया गया है। इसके लिए पूर्व की बनी रोटरी को तोड़कर नये तरीके से रोटरी तैयार की जा रही है। इसके पीछे नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि चौराहा में फब्बारे का बड़ा चबूतरा होने से वाहनों के आवागमन में परेशानियां होती थी और जाम की स्थिति बन जाती थी। लेकिन दूसरी और शहर के लोगों का यह भी कहना है कि यह बात अस्पताल चौराहा में चबूतरा बनाने के दौरान ही सोचा जाना चाहिए था। लेकिन नगर निगम प्रशासन ने भविष्य की स्थिति को न देखते हुए सकरे चौराहा में बड़ा चबूतरा का निर्माण कर दिया। इसके निर्माण में लाखों रुपए भी खर्च कर दिए गए। और अब जब यहां का यातायात प्रभावित होने लगा तो पुरानी रोटरी को तोड़कर चबूतरा छोटा किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अस्पताल चौराहा के आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए चबूतरा को छोटा किया जाना उचित है लेकिन यह सोच नगर निगम प्रशासन को पहले होना चाहिए था कि भविष्य में इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन बढ़ेगा। अब चबूतरा को छोटा करने के लिए फिर से हजारों रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। यह शहर की जनता के पैसे का एक तरह से दुरुपयोग ही माना जा सकता है। बताया गया है कि तत्कालीन समय में जब बड़ा चबूतरा बनवाया गया था तो बाद में छोटे-मोटे पेड़ पौधे भी सौन्दर्यीकरण की दृष्टि से लगाए गए थे अब उन्हें भी उखाड़ दिया गया है। अब नए सिरे से पेड़ पौधे भी लगाने होंगे। इतना ही नहीं यहां पर लगा हुआ फब्बारा यदाकदा ही चालू किया जाता है।

यह है प्रशासन का उद्देश्य

इस पूरी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नगर निगम प्रशासन की नजर में शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले अस्पताल चौराहा से अमहिया सिरमौर चौराहा मार्ग और धोबिया टंकी से अस्पताल चौराहा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। अस्पताल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को जोड़ने वाले इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए प्रशासन द्वारा सड़क को चौड़ा किया जा रहा है।

Created On :   3 Oct 2026 4:11 PM IST

Tags

Next Story