यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण को लेकर तैयारी तेज, 45 हजार से ज्यादा घरेलू खरीदारों ने कराया पंजीकरण
ग्रेटर नोएडा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में निवेश, निर्यात और औद्योगिक विकास को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के चौथे संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादों, सरकारी विभागों और विकास प्राधिकरणों को देश-विदेश के खरीदारों और निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
ट्रेड शो में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर पंजीकरण, प्रचार और आमंत्रण की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 45 हजार से अधिक घरेलू बिजनेस-टू-बिजनेस खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। आयोजकों ने इस बार घरेलू खरीदारों की संख्या 1.5 लाख से अधिक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी खरीदारों की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। अं
तरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए करीब 1500 पंजीकरण प्राप्त होने की जानकारी दी गई है। इनमें से खरीदारों के साक्षात्कार भी आयोजित किए जा चुके हैं। अब तक 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जबकि 300 से ज्यादा खरीदारों के टिकट सुरक्षित होने की जानकारी है। इससे उम्मीद है कि ट्रेड शो के दौरान प्रदेश के उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों के साथ सीधे व्यावसायिक संवाद और संभावित कारोबारी साझेदारी के अवसर मिलेंगे।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा। ट्रेड शो के लिए अब तक 36,500 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किए गए चुके हैं। इसके अलावा, करीब 1,000 वर्गमीटर अतिरिक्त क्षेत्र की बुकिंग संभावित बताई जा रही है। इस विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षमता को अलग-अलग सेक्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में प्रदेश के उत्पादों के साथ निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक आधारभूत ढांचे और वैश्विक व्यापार के अवसरों को एक मंच पर लाने की तैयारी है।
इसका उद्देश्य प्रदेश के कारोबारियों को नए बाजार उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ संपर्क बढ़ाना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ट्रेड शो में कई देशों की भागीदारी सुनिश्चित हो चुकी है। जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया की भागीदारी की पुष्टि हो गई है। वहीं थाईलैंड की भागीदारी को लेकर स्थिति अभी प्रतीक्षित है। इन देशों के प्रतिनिधियों, खरीदारों और कारोबारी संस्थानों की मौजूदगी से प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, व्यापारिक साझेदारी और निर्यात की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
सरकार की निवेश और निर्यातोन्मुखी नीतियों के तहत यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और यहां तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक व्यापारिक समुदाय के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा मंच होगा। ट्रेड शो के दौरान उद्घाटन और समापन समारोह के अलावा 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाने की तैयारी है। इनमें उद्योग, व्यापार, निवेश, निर्यात और अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके साथ ही 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्लॉट भी प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए व्यापार और उद्योग के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, ट्रेड शो का उद्घाटन समारोह 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न में प्रस्तावित है। वहीं समापन एवं पुरस्कार समारोह 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित किए जाने की योजना है। समारोह में राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस बैंड का प्रस्ताव भी रखा गया है। पांच दिनों तक चलने वाला यह ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादकों, निर्यातकों, एमएसएमई, औद्योगिक संस्थानों और खरीदारों के बीच कारोबारी संपर्क का प्रमुख मंच बनने जा रहा है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने और राज्य में निवेश एवं व्यापार की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने की तैयारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Sept 2026 5:13 PM IST












