यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक वितरित होंगे नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए और योजना पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन भी किया।
देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने बड़ी घोषणा की कि माफियाओं को कुचलने और संगठित अपराध को नष्ट करने के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के सौदागरों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई प्रारंभ करने जा रही है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी कि युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों के करियर को सरकार पूरी तरह तबाह कर देगी। समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ टैबलेट ऊपर उठवाकर सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने दो दिन पूर्व गोरखपुर में सपा के जुलूस के दौरान दसवीं के छात्र को रौंदे जाने की घटना को यूपी की पहचान पर काला धब्बा बताया। उन्होंने कहा कि अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा वह छात्र चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव के समय बिलों से निकलकर मचलने वाले अराजक तत्वों को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा।
विपक्ष को आंकड़ों के साथ जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष में पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभाग में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां हुईं। अब 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। पहले परीक्षाओं में मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट हावी था, जबकि अब पेपर लीक पर आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माना व संपत्ति जब्ती के सख्त कानून के बीच टैलेंट के आधार पर फटाफट भर्ती हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन मिले, जिसका लाभ आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के अनुसार 3 करोड़ लोगों तक पहुंचा। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निशुल्क कोर्स और 'युवा साथी ऐप' से युक्त यह टैबलेट चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को वायरल कंटेंट का फैक्ट चेक करने, डिजिटल सुरक्षा बरतने और रील देखने में 30 सेकंड के बजाय कौशल विकास पर तीन घंटे देने की सलाह दी। साथ ही टैबलेट से जनगणना 2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के लिए फॉर्म 6, 7 व 8 भरने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने बताया कि हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनेगा, जहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं तथा कौशल का प्रशिक्षण देकर देश-विदेश के उद्योगों से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार हो गए हैं, जिसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। ओडीओपी, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन और सीएम युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये का ब्याज-मुक्त ऋण, 67 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग से युवा जॉब क्रिएटर बन रहे हैं। यूपी की जीएसडीपी तीन गुना होकर 12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला और अकेले गीडा में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया। 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, 17 एयरपोर्ट, गोरखपुर में एम्स व पांच विश्वविद्यालयों के साथ पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस-मुक्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि यूपी उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन गया है। देवोत्थान एकादशी पर अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में 50 से 55 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। एचसीएल टेक के लखनऊ सेंटर में कर्मियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जहां की बेटियां रात दो बजे भी बेखौफ घर लौटती हैं, क्योंकि बेटी को छेड़ने वालों के लिए केवल जेल या जहन्नुम है। उन्होंने युवाओं से 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व करने का आह्वान किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
