यूपी में फिर से बनने जा रही एनडीए की सरकार, जनता का है पूरा समर्थन रामदास आठवले
वाराणसी, 7 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-ए) के अध्यक्ष रामदास आठवले रविवार को वाराणसी पहुंचे। जहां उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए की जीत का दावा किया।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए 403 सीटों में से 300 से अधिक सीटें जीतेगा। जनता को एनडीए के ऊपर पूरा विश्वास है, इसीलिए इसमें कोई दो राय नहीं है।
आठवले ने कहा, “हम देखेंगे कि भाजपा हारती है या अखिलेश यादव और राहुल गांधी हारते हैं। यह समय ही बताएगा। अभी तक हमने देखा है कि पश्चिम बंगाल, असम और कई अन्य राज्यों में भाजपा सत्ता में आई है। जो लोग बोलते हैं, हम उनका मुंह बंद नहीं कर सकते। लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति को समाप्त किया है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। एनडीए उत्तर प्रदेश में पहले से मजबूत है और भविष्य में भी मजबूत बना रहेगा।
आरपीआई-ए की रणनीति पर बात करते हुए आठवले ने बताया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार कर रही है। वर्तमान में पार्टी की कमेटियां 62 जिलों में सक्रिय हैं और शेष 13 जिलों में भी संगठन बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। उन्होंने स्वयं कई जिलों का दौरा किया है।
आठवले ने कहा, “रिपब्लिकन पार्टी यहां बहुत मजबूत नहीं है। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) मौजूद है, लेकिन उसका सपोर्ट बेस लगातार कम हो रहा है। एक समय था जब रिपब्लिकन पार्टी सत्ता में थी, उस जगह को अब बीएसपी ने ले लिया है। हम यहां रिपब्लिकन पार्टी को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।”
संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर लखनऊ में आयोजित होने वाली बड़ी रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया, “हम 26 नवंबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित कर रहे हैं, जिसमें करीब एक लाख लोगों को इकट्ठा करने का लक्ष्य है। इस रैली के जरिए हम पूरे प्रदेश में पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे।”
गठबंधन को लेकर आठवले ने स्पष्ट किया कि आरपीआई-ए एनडीए के साथ गठबंधन चाहती है। उन्होंने कहा, “हम बहुत ज्यादा सीटों की मांग नहीं कर रहे हैं। हम लगभग 20-25 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हमारा मानना है कि एनडीए में आरपीआई-ए को 25 सीटें मिलनी चाहिए। अगर 4-5 सीटें भी दी जाती हैं तो भी आरपीआई-ए एनडीए के साथ गठबंधन में बनी रहेगी।”
उन्होंने बताया कि पार्टी पूरे प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार पर जोर दे रही है और आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के इन बयानों से साफ है कि आरपीआई-ए एनडीए के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश चुनाव लड़ने की रणनीति बना रही है। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि जनता का रुझान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के प्रति सकारात्मक है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2026 5:23 PM IST












