यूपी पुलिस की ‘वर्दी’ में दिखी शहादत की कहानी, अपनों को खोने का दर्द और देशसेवा का जज्बा

यूपी पुलिस की ‘वर्दी’ में दिखी शहादत की कहानी, अपनों को खोने का दर्द और देशसेवा का जज्बा
पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए ‘वर्दी’ शीर्षक से एक विशेष लघु फिल्म रिलीज की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में निर्मित यह फिल्म शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनके परिवारों के जीवन में बलिदान के बाद आए बदलावों और भावनात्मक पीड़ा को भी संवेदनशीलता से सामने लाती है।

लखनऊ, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए ‘वर्दी’ शीर्षक से एक विशेष लघु फिल्म रिलीज की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में निर्मित यह फिल्म शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनके परिवारों के जीवन में बलिदान के बाद आए बदलावों और भावनात्मक पीड़ा को भी संवेदनशीलता से सामने लाती है।

फिल्म को उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है। फिल्म में कीर्ति चक्र से सम्मानित यूपी एसटीएफ के वीर शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अक्टूबर को स्व. सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था।

फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के बलिदान पर उनके परिवारों को गर्व तो होता है, लेकिन अपनों की अनुपस्थिति से पैदा हुआ खालीपन और पीड़ा भी जीवन का हिस्सा बन जाती है। फिल्म शहीदों के परिवारों के उस मौन इंतजार और भावनात्मक संघर्ष को दर्शाती है, जिसे अक्सर शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल होता है।

फिल्म का निर्देशन फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात निर्देशक, लेखक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया ने किया है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविजन अभिनेत्री अलका अमीन और नाजिश खान ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म का वॉयस ओवर और स्क्रिप्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में नियुक्त आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार किया है, जबकि क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के जनसंपर्क अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने किया है।

फिल्म का निर्माण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से किया गया है। इसकी शूटिंग मुंबई में हुई है। तिग्मांशु धूलिया हिंदी सिनेमा में ‘हासिल’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘बुलेट राजा’ और ‘राग देश’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी निर्देशित फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला था। इसी फिल्म की पटकथा के लिए तिग्मांशु धूलिया और संजय चौहान को फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

वहीं, अमित साध ‘काई पो छे!’, ‘सुल्तान’, ‘गोल्ड’, ‘सरकार 3’ और ‘शकुंतला देवी’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इन्टू द शैडोज’ जैसी वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। वरिष्ठ अभिनेत्री अलका अमीन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं और ‘दम लगा के हईशा’ तथा ‘बधाई हो’ जैसी फिल्मों में अपने संजीदा अभिनय के लिए जानी जाती हैं।

बता दें कि 20-21 जनवरी, 2025 की मध्यरात्रि को शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एसटीएफ टीम का नेतृत्व जारी रखा। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक लाख रुपए के इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए थे।

मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण निरीक्षक सुनील कुमार 22 जनवरी, 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए। पुलिस स्मृति दिवस पर रिलीज की गई ‘वर्दी’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस ने वीर शहीदों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की गाथा जन-जन तक पहुंचाने के साथ पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Oct 2026 9:31 PM IST

Tags

Next Story