उत्तर प्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत तय, चुनाव बाद फिर बनेगी सरकार जगदीश पटेल

उत्तर प्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत तय, चुनाव बाद फिर बनेगी सरकार  जगदीश पटेल
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में यूपी भाजपा के नए प्रभारी जगदीश पटेल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता साल के 365 दिन संगठन और जनता के बीच काम करता है, इसलिए चुनाव पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं है।

अहमदाबाद, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में यूपी भाजपा के नए प्रभारी जगदीश पटेल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता साल के 365 दिन संगठन और जनता के बीच काम करता है, इसलिए चुनाव पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं है।

यूपी की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर जगदीश पटेल ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और गुजरात के पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और पिछले करीब ढाई वर्षों से वह लगातार उत्तर प्रदेश में काम कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें वहां संगठन के साथ काम करने में सहजता महसूस होगी।

भाजपा के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में संभावित चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर पटेल ने कहा कि पार्टी को किसी चुनौती की चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। जिस गति से विकास कार्य हुए हैं, वैसा काम आजादी के बाद देश में पहले देखने को नहीं मिला। विकास की रफ्तार भाजपा के लिए सबसे बड़ा आधार है और इसी वजह से आगामी चुनाव को लेकर उन्हें कोई विशेष चुनौती नजर नहीं आती।

आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर जगदीश पटेल ने कहा कि भाजपा का संगठन चुनाव के समय ही सक्रिय नहीं होता, बल्कि पार्टी का कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता और संगठन के बीच काम करता है। चुनाव खत्म होने और परिणाम आने के तुरंत बाद भाजपा का कार्यकर्ता अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाता है।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जगदीश पटेल ने राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर कानून और जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में देश में कई बड़े फैसले हुए हैं। उत्तर प्रदेश में भी उन्होंने फ्लाईओवर, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है और विभिन्न क्षेत्रों में बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। निर्माणाधीन परियोजनाओं और रेलवे से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की गतिविधियां बड़े स्तर पर दिखाई दे रही हैं। आज प्रदेश के घर-घर में विकास के मुद्दे पर चर्चा हो रही है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी जगदीश पटेल ने भाजपा सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था नीति का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को छोड़ा नहीं जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2026 10:14 PM IST

Tags

Next Story