उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, एक की मौत, 11 घायल

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, एक की मौत, 11 घायल
गोंडा से बहराइच जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस रविवार सुबह हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक की मौत और 11 लोग घायल हो गए हैं। बस सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-टॉली से टकरा गई।

बहराइच, 5 जुलाई (आईएएनएस)। गोंडा से बहराइच जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस रविवार सुबह हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक की मौत और 11 लोग घायल हो गए हैं। बस सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-टॉली से टकरा गई।

हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि बस के 11 यात्री घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और उनके उचित इलाज के निर्देश दिए। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सभी घायलों का इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके वर्मा ने पत्रकारों से बताया कि सुबह करीब 5 बजे चिलवरिया और बहराइच के बीच सड़क हादसा हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई और 11 घायल लोगों को यहां लाया गया। उनमें से पांच को भर्ती किया गया। एक मरीज की पसली में चोट आई है और उसे आगे के इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। चार घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

वहीं, बीते महीने यूपी की गाजीपुर में भी दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे हादसा हुआ था, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में महिलाओं और दो महीने की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में पिता और एक वर्षीय बच्ची घायल हो गए थे।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के रहने वाले प्रतीक गिरि अपनी पत्नी काजल गिरि, दो महीने की बेटी शेजल, एक वर्षीय बेटी श्रेया तथा भाभी रितु देवी के साथ आजमगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। परिवार बाइक से सैदपुर के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 10:41 AM IST

Tags

Next Story