यह महज शुरुआत, हमारा लक्ष्य फाइनल तक पहुंचना है मोहम्मद ओआहबी

यह महज शुरुआत, हमारा लक्ष्य फाइनल तक पहुंचना है मोहम्मद ओआहबी
मोरक्को के हेड कोच मोहम्मद ओआहबी का कहना है कि उनकी टीम अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 में किसी सरप्राइज टीम के तौर पर नहीं, बल्कि एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आई है। मोरक्को ने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कनाडा को 3-0 से हराते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।

ह्यूस्टन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। मोरक्को के हेड कोच मोहम्मद ओआहबी का कहना है कि उनकी टीम अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 में किसी सरप्राइज टीम के तौर पर नहीं, बल्कि एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आई है। मोरक्को ने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कनाडा को 3-0 से हराते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।

कनाडा ने मैच के पहले हाफ में आक्रामक शुरुआत की और मोरक्को पर लगातार दबाव बनाया। हालांकि, इसके बावजूद सह-मेजबान मोरक्को के डिफेंस को पूरे मैच में एक बार भी नहीं भेद सके। दूसरे हाफ में मोरक्को का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला। टीम की ओर से अजेदीन ओनाही ने दो गोल दागे, जबकि सौफियाने रहीमी ने मोरक्को की ओर से तीसरा गोल किया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओआहबी ने कहा, "जब लोग अब मोरक्को के बारे में बात करते हैं, तो वे एक बड़े फुटबॉल देश के बारे में बात कर रहे होते हैं। यह गर्व की बात है, लेकिन मुझे लगता है कि यह तो बस शुरुआत है। हम आगे बढ़ते रहना चाहते हैं।" 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, कोच ने कहा कि दूसरे हाफ में किए गए तकनीकी बदलाव टीम के लिए फायदेमंद साबित हुए। उन्होंने कहा, "हम दूसरे हाफ में बेहतर थे। कनाडा ने भी उतना ही आक्रामक खेल खेला, लेकिन उनका प्रदर्शन उतना अच्छा। हमने जो बदलाव किए, उनका असर दिखा। हम खेल पर ज्यादा नियंत्रण में थे। हमने उनके डिफेंस के पीछे से पास देने की कोशिश की, जिससे उन्हें अपने ही गोल की तरफ मुड़कर बचाव करना पड़ा। यह रणनीति हमारे लिए काफी कारगर रही।”

3-0 के एकतरफा स्कोर के बावजूद कोच मोहम्मद ओआहबी ने माना कि उन्हें कनाडा से कड़ी चुनौती की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, “मुझे अब तक के सबसे मुश्किल मैच की उम्मीद थी और मैं सही था। मुझे सच में लगा था कि यह टीम हमारे लिए समस्या खड़ी करेगी। राउंड ऑफ 16 में आमतौर पर 3-0 जैसे स्कोर बहुत कम देखने को मिलते हैं।” इस जीत के साथ मोरक्को ने एक बार फिर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। टीम ने 2022 में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनकर इतिहास रचा था और अब वह लगातार दूसरी बार अंतिम आठ में पहुंची है।

गुरुवार को बोस्टन स्टेडियम में मोरक्को का क्वार्टर फाइनल मुकाबला दो बार की विश्व चैंपियन फ्रांस से होगा, जिसने पैराग्वे को 1-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई है। ये दोनों टीमें चार साल पहले कतर में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां फ्रांस ने बाजी मारी थी। ऐसे में मोरक्को के पास उस हार का बदला लेने का मौका रहेगा।

कोच मोहम्मद ओआहबी ने कहा कि उनकी टीम का लक्ष्य अब और आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा, "हम रुकना नहीं चाहते। हम वही महत्वाकांक्षा और आत्मविश्वास बनाए रखेंगे। हमारा लक्ष्य फाइनल तक पहुंचना है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीम का फोकस बदले पर नहीं है। उनके अनुसार, “यह किसी विरोधी से बदला लेने की बात नहीं है। हम सिर्फ जितना संभव हो उतना आगे बढ़ना चाहते हैं और अपने देश को गर्व महसूस कराना चाहते हैं।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 10:21 AM IST

Tags

Next Story