उत्तराखंड चार धाम यात्रा पर अब तक पहुंचे 2.38 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
देहरादून, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की सबसे पवित्र और प्रसिद्ध तीर्थयात्राओं में से एक चारधाम यात्रा का 2026 सीजन शुरू हो गया है। छह महीने की शीतकालीन बंदी के बाद अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए हैं। इस बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने बताया कि अब तक 2.38 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चार धाम यात्रा पर पहुंचे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार विगत शनिवार शाम 7:00 बजे तक श्री बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में 02 लाख 38 हजार 590 तीर्थ यात्रियों ने दर्शनों का पुण्य लाभ प्राप्त किया। शनिवार को 55 हजार 998 से तीर्थ यात्री चार धाम पहुंचे।
बद्रीनाथ धाम में 37 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्री बद्रीनाथ धाम में कपाट खुलने की तिथि 23 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 37,884 तीर्थयात्री धाम पहुंचे। शनिवार को धाम में 13,107 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 22 अप्रैल से चार दिनों के भीतर 1,24,782 तीर्थयात्री धाम पहुंचे। शनिवार को धाम में 31,160 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के कपट खुलने की तिथि 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 75,924 तीर्थ यात्रियों ने धामों में दर्शन किए। यमुनोत्री धाम में आज 38,206 तीर्थ यात्रियों ने तथा गंगोत्री धाम में 37,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
वहीं, चार धाम यात्रा प्रशासन संगठन के विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) प्रजापति नौटियाल ने रविवार को बताया कि तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जांच के लिए यात्रा मार्ग पर विशेष ट्रांजिट कैंप लगाए गए हैं। इसके साथ ही, अधिकारी ने बताया कि तीर्थ स्थलों की ओर जाने वाले मार्ग पर आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) भी स्थापित किए गए हैं।
इस वर्ष चार धाम यात्रा 19 अप्रैल को यमुनात्री और गंगोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई। केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम क्रमशः 22 और 23 अप्रैल को खोले गए।
आईएएनएस से बात करते हुए नौटियाल ने हिंदू तीर्थयात्रा पर जाने वाले लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी स्वास्थ्य सलाह को ध्यानपूर्वक पढ़ने और समझने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हम सभी तीर्थयात्रियों से अपेक्षा करते हैं कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले इस सलाह को पढ़ें और समझें तथा तदनुसार योजना बनाएं। यदि आपको चक्कर आना, सीने में दर्द या सिरदर्द जैसे कोई लक्षण महसूस हों, तो आपको उचित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए या किसी ओपीडी में जाकर यात्रा मार्गों पर उपलब्ध चिकित्सा दल से परामर्श लेना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 7:37 PM IST












