उत्तराखंड नगरासू गुरुद्वारे की छत पर अभी भी डटे हैं निहंग सिख, सीएम भगवंत मान ने सीएम धामी से की बात
रुद्रप्रयाग, 22 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में निहंग सिखों और गुरुद्वारे के सेवादारों के बीच हुए विवाद का मामला बढ़ता ही जा रहा है। निहंग सिख हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू गुरुद्वारे की छत पर डट गए हैं और वे पिछले 24 घंटों से वहीं डेरा डाले हुए हैं। इस बीच, 55 वर्षीय सिख तीर्थयात्री के कथित अपहरण की खबरों के बाद चिंता बढ़ गई है।
निहंग सिख तीर्थयात्रियों ने कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों की रिहाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर हिरासत में लिए गए निहंग सिखों को रिहा नहीं किया गया, तो देश भर से बड़ी संख्या में निहंग सिख उत्तराखंड आएंगे। विवाद के बाद सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत हुई। उत्तराखंड की सिख संगत को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपील की और पंजाब सरकार की ओर से किसी तरह की मदद के लिए कहा।
बीते दिन रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने कहा था, "20 जून, 2026 को दोपहर 3:40 बजे, रुद्रप्रयाग पुलिस कंट्रोल रूम को 112 के जरिए सूचना मिली कि नगरासू गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच विवाद हो गया और उनके बीच बहस चल रही है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था कायम कराती है।
एसपी ने बताया कि जानकारी लेने पर पुलिस को यह पता चलता है कि गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां आए निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस की ओर से बातचीत की गई। इसके बाद निहंग सिख गुरुद्वारे के छत पर चले गए और उन्होंने रास्ते को बंद कर दिया। प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से लगातार बातचीत की जा रही है और उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Jun 2026 11:55 AM IST












